दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली बॉर्डर के पास से पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। शब्बीर लश्कर के लिए स्लीपर सेल के तौर पर काम कर रहा था। उसने कई जगहों पर देश विरोधी पोस्टर भी भी चिपकाए थे। पुलिस के अनुसार उसने ISI के इशारे पर देश में आतंकी मॉड्यूल बनाया था। फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उससे पूछताछ कर रही है।
शब्बीर अहमद लोन मूल रूप से जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के कंगन इलाके का रहने वाला है। शब्बीर को दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़े गए एक बड़े आतंक मॉड्यूल का मास्टरमाइंड माना जा रहा है, जिसे वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे और समर्थन से चला रहा था। शब्बीर के तार बांग्लादेश तक जुड़े हैं।
दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताई ये बातें
दिल्ली पुलिस ने आज यानी सोमवार 30 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि स्पेशल सेल में न्यू दिल्ली रेंज की टीम ने कल यानी रविवार रात आतंकवादी शब्बीर अहमद डार को पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके के पकड़ा। पुलिस के अनुसार शब्बीर अहमद साल 2007 में मुजफ्फराबाद से ट्रेनिंग लेकर आया था, जब इसे पहली बार गिरफ्तार किया गया था।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि हाल ही में जिस आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है, शब्बीर उन आतंकियों का हैंडल है, जिसमें उमर फारूख और रवि इस्लाम को कोलकाता से पकड़ा गया था और तमिलनाडु से भी 6 लोग पकड़े गए। पुलिस ने बताया कि इन लोगों के पास से पाकिस्तानी करेंसी भी बरामद की गई थी।
ज्ञात हो कि इसी आतंकी मॉड्यूल ने देश के कई मंदिरों, सेंसिटिव इलाकों और भीड़-भाड़ वाली जगहों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजे थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्कर के इस आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त किया है।
दिल्ली पुलिस ने किया बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश
बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पिछले ही महीने यानी फरवरी 2026 में एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने इस आतंकी नेटवर्क के 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आतंकियों में से 7 बांग्लादेशी नागरिक थे, जो भारत में अवैध रूप से रह रहे थे और फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपनी पहचान छिपा रहे थे।
जांच में पता चला कि यह पूरा नेटवर्क बांग्लादेश से ऑपरेट हो रहा था। इस आतंकी नेटवर्क का हैंडलर शब्बीर अहमद लोन था, जिसे आज यानी सोमवार 30 मार्च को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। यह मॉड्यूल भारत के कई शहरों बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहा था। उनके टारगेट में दिल्ली जैसे शहर थे, जहां अपने आतंकी मंसूबों को अंजाम देकर वह पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को खुश कर सकता था।
आतंकी हाफिज सईद के संपर्क में था शब्बीर
जांच एजेंसियों के मुताबिक शब्बीर अहमद लोन का संबंध पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा (LeT) से है। वह लश्कर सरगना हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी जैसे आतंकियों के संपर्क में भी रहा है। जांच में पता चला है कि शब्बीर अहमद लोन बांग्लादेश से ऑपरेट करते हुए भारत में आतंकवादियों की भर्ती और उनका ब्रेनवॉश करता था।
आतंकवादी शब्बीर अहमद भारत में रह रहे अवैध बांग्लादेशियों को टार्गेट बनाकर उन्हें कट्टरपंथी बनाता था। फर्जी दस्तावेज जैसे आधार और वोटर कार्ड बनवाकर उन्हें भारत में छिपने में मदद करता था और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए उनसे संपर्क में रहता था। उसने दिल्ली और कई अन्य शहरों में रेकी भी करवाई थी।
पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली पुलिस ने साल 2007 में भी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। उसे आर्म्स एक्ट के तहत सजा भी हुई थी। बाद में जब वह जमानत पर बाहर आया तो देश छोड़कर बांग्लादेश चला गया। इसके बाद उसने बांग्लादेश से आतंकी नेटवर्क को सक्रिय करना शुरू कर दिया। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मॉड्यूल भारत में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा था। यह आतंकवादी दिल्ली के संवेदनशील इलाकों जैसे लाल किला को निशाना बनाने की योजना बना रहा था, जिसे समय रहते टाल दिया गया।
