Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बेहद सनसनीखेज और बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू ब्रांडों के एक्सपायर्ड फूड प्रोडक्ट्स की एक्सपायरी डेट बदलकर उन्हें दोबारा नए पैकेट में बाजार में बेचने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-II में की गई इस बड़ी छापेमारी में पुलिस ने 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के एक्सपायर्ड और मिलावटी उत्पाद बरामद किए हैं।
बाल मजदूरी की सूचना पर गई थी टीम, सामने आया बड़ा घोटाला
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई ACP अनिल शर्मा के सुपरविजन में ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाने की टीम द्वारा की गई। दरअसल, पुलिस को परिसर में बाल श्रम होने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद SDM (बदरपुर), भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI), और गैर सरकारी संगठन 'मिशन मुक्ति' के साथ मिलकर 'M/s वेस्टेंड कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड' के ठिकानों पर संयुक्त छापेमारी की गई। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई नाबालिग तो नहीं मिला, लेकिन अधिकारियों के सामने एक ऐसा संगठित धंधा आ गया जिसने सबके होश उड़ा दिए।
थिनर से मिटाते थे असली डेट
पुलिस की जांच में सामने आया कि इस रैकेट का मास्टरमाइंड और आरोपी अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के उन खाद्य पदार्थों को बेहद कम और डिस्काउंटेड दामों पर खरीदते थे, जिनकी एक्सपायरी डेट नजदीक आ चुकी होती थी या जो पूरी तरह एक्सपायर हो चुके होते थे। इसके बाद ये लोग केमिकल थिनर का इस्तेमाल करके पैकेजिंग के ऊपर से मूल निर्माण और एक्सपायरी डेट को पूरी तरह से मिटा देते थे। इसके बाद प्रिंटिंग मशीनों की मदद से उन पर नकली निर्माण और नई एक्सपायरी तारीखें प्रिंट कर दी जाती थीं। पुलिस द्वारा बरामद किए गए स्टॉक में थम्स अप, फैंटा, दो-लीटर की कोल्ड ड्रिंक बोतलें, पेपर बोट जूसेज, घी, हॉर्लिक्स और बॉर्नविटा के पैकेट्स शामिल हैं, जिनकी कीमत 20 लाख से अधिक है।
मालिक समेत 7 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस खेल के जरिए दोबारा पैक किए गए माल को पूरे भारत के बाजारों के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स और विदेशों में भी सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस ने इस अवैध कंपनी के मालिक की पहचान दर्शन सिंह सचदेवा के रूप में की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मालिक सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में मैनेजर नितेश भारद्वाज, अकाउंटेंट नरेंद्र कुमार, ऑपरेटर कपिल, वेयरहाउस कीपर लकी ओझा, और सुपरवाइजर प्रेम यादव व पवन कुमार यादव शामिल हैं।
