शहर

Delhi Police: लाल किले के पास खड़ी संदिग्ध कार से फर्जी NIA अफसर गिरफ्तार

दिल्ली के लाल किले के पास संदिग्ध काली हुंडई कार से फर्जी NIA अधिकारी बनकर ठगी करने वाले मुदस्सर को पुलिस ने पकड़ा। आरोपी नौकरी दिलाने का झांसा देकर गरीब परिवारों से पैसे वसूलता था। एक नाबालिग को भी इसी बहाने दिल्ली लाया गया। फर्जी आईडी और धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi News: दिल्ली पुलिस को बुधवार को लाल किले के पीछे दिल्ली चलो पार्क के पास एक काली हुंडई कार संदिग्ध हालत में खड़ी दिखी। कोतवाली थाना टीम को गश्त के दौरान यह कार नजर आई, जिसके अंदर दो लोग बैठे थे। पुलिस ने उनसे पूछताछ की। जिसमें एक की पहचान पुलवामान निवासी मुदस्सर के तौर पर हुई और दूसरा नाबालिग लड़का था। मुदस्सर ने खुद को एनआईए अधिकारी बताते हुए एक आईडी भी दिखाई।

पुलिस को दी फर्जी NIA आईडी

पुलिस को मुदस्सर का आई कार्ड पहली नजर में ही संदिग्ध लगा। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह पहचान पत्र फर्जी था। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों को हिरासत में लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। देर शाम तक दोनों से स्पेशल सेल, आईबी और एनआईए की टीम ने संयुक्त रूप से पूछताछ की। संयुक्त पूछताछ रिपोर्ट (JIR) के आधार पर सामने आया कि आरोपी मुदस्सिर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निशाना बनाकर उनसे ठगी करता था। वह लोगों को दिल्ली में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलता था। आरोपी ने नाबालिग लड़के के परिवार को भी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। उसने लड़के के परिवार से एडवांस रकम ली था और उसे अपने साथ लेकर दिल्ली आया था।

आरोपी फर्जी अधिकारी बनकर करता था ठगी

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी मुदस्सर का अपना गैराज है, लेकिन वह अभी घाटे में चल रहा है। वह फर्जी पहचान पत्र दिखाकर खुद को अधिकारी बताता था और लोगों को नौकरी दिलाने के बहाने ठग रहा था। जांच में कार का रजिस्ट्रेशन भी खत्म पाया गया। इस 15 साल पुरानी कार को उसने जम्मू कश्मीर से खरीदा था। वहीं 16 वर्षीय नाबालिग के बारे में पता चला है कि उसका परिवार पुलवामा में रहता है। आरोपी ने उसके परिवार को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था और नाबालिग को अपने साथ दिल्ली लाया था। पुलिस ने इस मामले में थाना कोतवाली में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2) और 339 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article