Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लंबे समय से फरार चल रहे एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान वह गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी टिल्लू ताजपुरिया गैंग का शूटर बताया जा रहा है। जिसकी पहचान रॉबिन के तौर पर हुई है, वह सालभर पहले पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
आरोपी पैर में गोली लगने से घायल
जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को आरोपी रॉबिन की शाहबाद डेरी के बरवाला गांव में मौजूद होने की सूचना मिली। जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, तभी दोनों ओर से फायरिंग हुई। मुठभेड़ के दौरान रॉबिन के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
उम्रकैद की सजा के बाद फरार हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, रॉबिन पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज है। वह हत्या के मामले में दोषी है और उसे उम्रकैद की सजा मिली हुई है। पुलिस ने फिलहाल उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। टिल्लू ताजपुरिया गैंग दिल्ली में कई गंभीर वारदातों के लिए कुख्यात रहा है। जिसके चलते दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि गैंग के अन्य सदस्यों को भी पकड़ा जा सके।
