शहर

दिल्ली में नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़, क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा हरिओम

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने खंजनवाला के एक गोदाम में चल रही नकली टूथपेस्ट बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और रोहिणी निवासी हरिओम मिश्रा को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से बड़ी मात्रा में तैयार नकली पेस्ट, खाली ट्यूब, पैकिंग सामग्री, मशीनें और कच्चा माल मिला।

Image

नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली टूथपेस्ट तैयार करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी हरिओम मिश्रा रोहिणी सेक्टर-2 का रहने वाला है। छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नकली टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, कार्टन, पैकिंग सामग्री, पेस्ट बनाने का कच्चा माल और भराई–सीलिंग मशीनें बरामद हुई हैं। बरामद माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को लंबे समय से पश्चिमी दिल्ली इलाके में नकली टूथपेस्ट सप्लाई होने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय इनपुट के आधार पर जाल बिछाया। आखिरकार 2 अप्रैल को महावीर विहार, खंजनवाला स्थित सी-ब्लॉक के एक गोदाम में सुनियोजित छापेमारी की गई। छापे के दौरान वहां बड़े पैमाने पर पेस्ट भरने और पैकिंग की गतिविधियां चलती हुई मिलीं।

पुलिस के मुताबिक, गोदाम को आरोपी हरिओम मिश्रा ने किराए पर ले रखा था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह सामान्य केमिकल और सस्ते पदार्थ मिलाकर पेस्ट तैयार करता था। इसके बाद खाली ट्यूबों में मशीन के जरिए पेस्ट भरकर उन्हें बाजार में असली प्रोडक्ट के नाम पर सप्लाई करता था। आरोपी के पास इस काम के लिए न कोई लाइसेंस था और न ही किसी तरह की आधिकारिक अनुमति।

क्राइम ब्रांच ने गोदाम से जो सामग्री जब्त की है, उसमें हजारों की संख्या में ट्यूब, पैकिंग बॉक्स, स्टिकर, प्रिंटेड कार्टन, तैयार पेस्ट और मशीनरी शामिल है। पुलिस को शक है कि यह नेटवर्क लंबे समय से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में इन नकली उत्पादों की सप्लाई कर रहा था, जिससे उपभोक्ता की सेहत को गंभीर खतरा था।

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट कानून की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किन बाजारों और थोक विक्रेताओं को यह नकली प्रोडक्ट बेचता था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article