शहर

Delhi Encounter: रोहिणी में एनकाउंटर के बाद टिल्लू गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे

दिल्ली के रोहिणी इलाके में टिल्लू गैंग के दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी हालिया हत्या के मामले में वांछित थे। फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बचे।

Image

टिल्लू गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Delhi Police Encounter: दिल्ली के रोहिणी इलाके में रविवार को दिल्ली पुलिस और टिल्लू गैंग के दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान राहुल और विशाल के रूप में हुई है।दोनों हाल ही में हुए एक हत्या के मामले में वांछित (Wanted) बताए जा रहे हैं।

दो दिन पहले एक युवक की गोली मारकर हत्या

रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि दो दिन पहले हरीश नाम के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच और सर्विलांस के दौरान पुलिस को पता चला कि राहुल और विशाल इलाके में एक और वारदात को अंजाम देने के लिए आने वाले हैं।

दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए यूईआर हाईवे (UER Highway) के पास जाल बिछाया। जैसे ही दोनों आरोपी वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मी अजय और प्रवीण को गोलियां लगीं, लेकिन दोनों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।

आरोपियों के पैर पर लगी गोली

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिसमें आरोपियों के पैरों पर गोली लगी, जिससे दोनों घायल हो गए और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक चोरी की बाइक बरामद की है। डीसीपी के अनुसार, दोनों आरोपी टिल्लू गैंग से जुड़े हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या और अन्य अपराधों में इनकी क्या भूमिका रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article