शहर

दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता, 39 मामलों में वांछित कुख्यात बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने बाहरी उत्तरी दिल्ली में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 39 आपराधिक मामलों में वांछित कुख्यात बदमाश इरशाद अली उर्फ शंकर अली को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग के जवाब में हुई कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद हुई है, जबकि उसके खिलाफ कई गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं।

Image

दिल्ली पुलिस का नरेला में बड़ा एक्शन (प्रतीकात्मक फोटो)

Delhi News: दिल्ली पुलिस एक बार आपराधियों पर शिकंजा कसते हुए कामयाबी हासिल की है। जानकारी के मुताबिक बाहरी उत्तरी दिल्ली में हत्या की कोशिश, झपटमारी व लूट समेत 39 मामलों में शामिल एक कुख्यात अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि अपराधी की पहचान इरशाद अली उर्फ शंकर अली के तौर पर हुई है। पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान अली के पैर में गोली लगी है।

पुलिसकर्मियों पर दो गोलियां चलाईं

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात में नरेला औद्योगिक क्षेत्र के सन्नोथ गांव के पास अली को रुकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस पर कथित रूप से गोलीबारी की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर दो गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में चार गोलियां चलाईं जिसमें से एक गोली अली के पैर में लगी और फिर उसे काबू कर लिया गया। घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

चोरी की एक बाइक भी बरामद

बताया गया है कि आरोपी इरशाद अली उर्फ शंकर अली को जख्मी हालत में नरेला के राजा हरिशचंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे बाद में रोहिणी के डॉ बीएसए अस्पताल भेज दिया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से चोरी की एक बाइक बरामद की गई है जो नरेला इलाके से चुराई गई थी।

39 मामलों में शामिल रहा अपराधी

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अली अदातन अपराधी है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह झपटमारी, लूट, हत्या की कोशिश, सरकारी कर्मी पर हमला और सशस्त्र अधिनियम समेत 39 मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने बताया कि पुलिस दल पर गोलीबारी के संबंध में नरेला औद्योगिक थाने में नई प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!