शहर

Traffic Advisory: 15 अगस्त को दिल्ली-नोएडा में बड़ा ट्रैफिक बदलाव; 'तिरंगा साइक्लोथॉन' और स्वतंत्रता दिवस के कारण कई रास्ते बंद

Delhi Traffic Advisory: आज स्वतंत्रता दिवस समारोह और 'तिरंगा साइक्लोथॉन' के चलते दिल्ली व नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। चिल्ला, डीएनडी और कालिंदी कुंज बॉर्डर पर भारी वाहनों की एंट्री बैन है।

Image

दिल्ली में कई रूट बदले

Photo : Times Now Digital

स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और सीमावर्ती जिले गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी और रूट डायवर्जन लागू किया है। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के साथ-साथ दिल्ली के वेस्ट जोन में आयोजित होने वाले 'तिरंगा साइक्लोथॉन' को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा और वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा।

दिल्ली में 'तिरंगा साइक्लोथॉन': सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक ये रास्ते रहेंगे बंद

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को लाल साईं मार्ग पर 'तिरंगा साइक्लोथॉन' का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

पंखा रोड से जेल रोड स्थित हरि नगर चौक तक लाल साईं मार्ग और हरि नगर चौक से हरि नगर घंटाघर तक शहीद मेजर राजीव लाल मार्ग बंद रहेंगे।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्ग

पंखा रोड से हरि नगर जेल रोड जाने वाले वाहन चालक नजफगढ़ रोड के रास्ते हरि नगर जेल रोड पहुंच सकते हैं। वहीं, हरि नगर जेल रोड से पंखा रोड की ओर जाने वाले यात्री नजफगढ़ रोड का उपयोग कर सकते हैं। हरि नगर से जेल रोड की दिशा में जाने के लिए मायापुरी रोड या नजफगढ़ रोड को वैकल्पिक मार्ग के रूप में अपनाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, जनकपुरी और उत्तम नगर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को लाल साईं मार्ग के बजाय नजफगढ़ रोड, आउटर रिंग रोड या मायापुरी रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

नोएडा-गौतमबुद्धनगर से दिल्ली जाने वालों के लिए एडवाइजरी

दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर नोएडा-गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने भी सख्त कदम उठाए हैं। 14 अगस्त रात 10:00 बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम संपन्न होने तक नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक (Goods Vehicles) वाहनों तथा यात्री बसों का प्रवेश दिल्ली में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रमुख बॉर्डर्स से डायवर्जन प्लान:

चिल्ला बॉर्डर: चिल्ला रेड लाइट से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यू-टर्न कराकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) की ओर भेजा जाएगा।

डीएनडी बॉर्डर (DND): डीएनडी टोल प्लाजा से वाहनों को यू-टर्न कराकर एक्सप्रेसवे होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर डायवर्ट किया जाएगा।

कालिंदी कुंज बॉर्डर: कालिंदी कुंज से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से डायवर्ट कर एक्सप्रेसवे व ईस्टर्न पेरीफेरल की तरफ भेजा जाएगा।

यमुना एक्सप्रेसवे व परी चौक: यमुना एक्सप्रेसवे/परी चौक से दिल्ली जाने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट या परी चौक से पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।

वैकल्पिक ग्रामीण/सर्विस मार्ग: यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों को फलैदा कट, रबूपुरा सर्विस रोड, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी और पुस्ता तिराहा होते हुए सीपीएल चौक से कासना व ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर निकाला जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article