Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस ने हाल ही में हुई एक डकैती के मामले में फरार चल रहे 23 वर्षीय अपराधी को बदरपुर क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है, जो मुठभेड़ के दौरान दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि हिमांशु पुल प्रह्लादपुर थाने में दर्ज उस डकैती मामले का आरोपी था, जिसमें पिज्जा डिलीवरी करने वाले युवक से नकदी लूट ली गई थी। इस घटना में शामिल उसके साथी कौशल को 24 अक्टूबर को ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
जवाबी कार्रवाई हुआ घायल
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमांशु शनिवार रात बदरपुर पार्क के पास एक और डकैती की योजना बनाने वाला है। सूचना के आधार पर आधी रात को पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से मेल खाता एक व्यक्ति पार्क की ओर बढ़ता दिखा। जब टीम ने उसे रुकने के लिए कहा, तो वह भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली हिमांशु के दाहिने पैर में लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया, उसका हथियार जब्त किया गया और उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया। फिलहाल बदरपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
मामले की आगे जांच जारी
अधिकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान हिमांशु ने स्वीकार किया कि वह 22 अक्टूबर को पुल प्रह्लादपुर स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास हुई सशस्त्र डकैती में शामिल था। उसने अपने साथी कौशल के साथ मिलकर एक डिलीवरी कर्मचारी को बंदूक की नोक पर लूटा था। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली। अधिकारी ने बताया कि हिमांशु इस वर्ष जून में जेल से रिहा हुआ था और रिहाई के बाद उसने फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होना शुरू कर दिया। उसके खिलाफ पहले से ही अपहरण, डकैती और झपटमारी जैसे तीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
