दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के तहत दिल्ली की सभी 70 सीटों के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान हो रहा है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। इस बीच सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार अनिल गौड़ ने दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के लोनी इलाके से 300-400 फर्जी वोटर लेकर आई है, जो यहां फर्जी वोट डाल रहे हैं।
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 300-400 फर्जी वोटर आए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह सब बांग्लादेशी हैं। महिलाएं भी हैं और पुरुष भी। बुर्के की आड़ में वो वोट डाल रही हैं। हमने अब तक 25 ऐसे फर्जी वोटरों को पकड़ा है। यहां पर फर्जी वोटिंग हो रही है। केजरीवाल यहां फर्जी वोट डलवा रहे हैं।’
सीलमपुर के मतदान केंद्र पर कई वोटर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनका वोट पहले ही डाला जा चुका है। इस पर वहां लोगों में आक्रोश देखने को मिला। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अनिल गौड़ वहां पहुंच गए और उन्होंने फर्जी वोटों के लिए AAP पर आरोप लगाए। इस बीच वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बता दें कि सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने अनिल गौड़ को उम्मीदवार बनाया है, जबकि आम आदमी पार्टी की तरफ से चौधरी जुबैर अहमद और कांग्रेस की ओर से अब्दुल रहमान चुनावी मैदान में हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
