दिल्ली : दिल्ली के आचार्य श्री भिक्षु अस्पताल में तैनात डॉक्टर से मारपीट मामले में अभी तक भाजपा विधायक हरीश खुराना के ऊपर एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। अब इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने पुलिस कमिश्नर और बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने पत्र लिखकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांगा है। सौरभ भारद्वाज ने 'एक्स' पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर से कहा है कि सरकारी अस्पताल में भाजपा विधायक हरीश खुराना द्वारा डॉक्टरों से कथित मारपीट की एफआईआर दर्ज़ नहीं हुई है, जबकि 40 डॉक्टर भी एफआईआर के लिए लिखकर शिकायत दे चुके हैं। "आप" विधायक कमिश्नर से इस मामले में मिलना चाहते हैं। गुरुवार से हम मिलने का समय माँग रहे हैं, मगर पुलिस कमिश्नर से बात नहीं हो पाई है । आज फिर हमने मिलने का समय मांगा है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिस तरह से दिल्ली में गुरुवार को एक सरकारी अस्पताल के इंटर्न डॉक्टर के साथ भाजपा के विधायक हरीश खुराना और उनके समर्थकों ने गाली गलौज, बदतमीजी और मार-पिटाई की, यह बहुत शर्म की बात है। एक तरफ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हैं, उनके साथ अगर किसी ने हमले की कोशिश की तो पुलिस ने उसको गिरफ्तार किया और पांच दिन की रिमांड पर लिया। उसके ऊपर हत्या का प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) का मुकदमा दर्ज कर दिया। दूसरी तरफ, उसी दिल्ली में सरकारी डॉक्टर के साथ भाजपा के विधायक हरीश खुराना ने मारपीट की, मगर आज तक उस पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
डॉक्टरों की शिकायत को किया जा रहा अनदेखा
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज के हादसे के बाद पूरे देश में डॉक्टरों की हड़तालें हुई और यह तय हुआ कि ऐसे मामलों में डॉक्टर नहीं इंस्टीट्यूशन यानी कि अस्पताल एफआईआर कराएगा। एमएस ने अब तक इंस्टीट्यूशनल एफआईआर क्यों नहीं कराई? हरीश खुराना के विषय में 40 से ज्यादा डॉक्टरों ने लिखित में शिकायत की है। उसके बावजूद भाजपा और उनकी सरकार अपने विधायक के साथ खड़ी है, डॉक्टर के साथ नहीं। आम आदमी पार्टी ने आज पुलिस कमिश्नर से मिलने का समय मांगा है। हम पुलिस कमिश्नर से मिलेंगे। हमने केंद्रीय गृह मंत्री से भी समय मांगा है और हम इनकी एफआईआर दर्ज कराएंगे।
उधर, बुराड़ी से “आप” विधायक संजीव झा ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में कहा है कि 21 अगस्त को दिल्ली स्थित आचार्य भिक्षु हॉस्पिटल में ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों के साथ एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर घटना घटी। इस घटना में मोती नगर क्षेत्र के विधायक हरीश खुराना द्वारा अस्पताल परिसर में ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों के साथ बदतमीजी एवं मारपीट की गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
