Naraina Flyover Closed : दिल्ली के लोगों के लिए मुश्किल भरी खबर है। दरअसल, पीडब्ल्यूडी ने धौला कुआं और मायापुरी को जोड़ने वाले नारायणा फ्लाईओवर के मरम्मत का कार्य शुरू करने जा रहा है। लिहाजा, 1 मई से फ्लाईवे आंशिक रूप से बंद होने जा रहा है। इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। हालांकि, इस दौरान यातायात की आवाजाही के लिए विपरीत कैरिजवे चालू रहेगा। फिलहाल, यातायात पुलिस ने आसानी से वाहन निकालने के लिए अलग-अलग मार्गों की सलाह दी है। पहला मार्ग यात्रियों को धौला कुआं से वंदे मातरम मार्ग की तरफ जाने के लिए ऑप्शन है। इस कार्य में करीब 20 दिनों का वक्त लग सकता है, जिसकी वजह से धौलाकुआं से राजा गार्डेन के बीच सफर करने वाले लोगों की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
यहां से निकलेंगे वाहन
जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस ने एक मई से फ्लाईओवर के एक हिस्से दिल्ली कैंट से राजा गार्डन की तरफ को बंद रखने का फैसला किया है। दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, रामनाथ विज. मार्ग, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग पर रतनपुरी चौक से बाएं मुड़ना होगा। फिर गोस्वामी गिरधारी लाल मार्ग पर लोहा मंडी टी-पॉइंट से बाएं मुड़कर और आखिरी में नारायणा टी-पॉइंट से दाएं मुड़कर मायापुरी के लिए रिंग रोड की ओर निकलना होगा। वहीं, दूसरा मार्ग यात्रियों को धौला कुआं से करियप्पा मार्ग, फिर शहीद भगत सिंह मार्ग, जेल रोड से लाजवंती चौक तक, फिर सतगुरु राम सिंह मार्ग पर दाएं मुड़कर मायापुरी चौक रिंग रोड तक जाने की सलाह दी है। ऐसे में ट्रैफिक अधिक रहने का अनुमान है। लिहाजा, पुलिस ने सभी से सड़क किनारे गाड़ियां पार्क नहीं करने की सलाह दी है।
यातायात प्रभावित होने की संभावना
टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि फ्लाईओवर बंद होने से कई किलोमीटर तक यातायात प्रभावित होने की संभावना है। इसका असर रिंग रोड पर दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन तक दिखाई देगा। उधर, पंजाबी बाग तक ट्रैफिक दिखाई देगा। राजा गार्डन से पंजाबी बाग के बीच बन रहे फ्लाईओवर पर जाम की वजह से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, नारायणा फ्लाईओवर के मरम्मत से राजा गार्डन से लेकर धौला कुआं की तरफ यातायात आसानी से चलता रहेगा। उधर, ट्रैफिक में होने वाली समस्याओं को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पीडब्ल्यू से तय समय में कार्य को पूरा करने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
