दिल्ली

Lok Sabha Election 2024 : AAP के चुनावी कैंपेन को धार देंगी सुनीता केजरीवाल, रोड शो कर दिखाएंगी पार्टी की ताकत

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 25, 2024, 01:04 PM IST

Lok Sabha Election 2024 :दिल्ली में सीएम केजरीवाल की गैरमौजूदगी में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल (Sunita Kejriwal) लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की कमान संभालेंगी। वे इस सप्ताह के अंत में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के प्रत्याशियों के लिए रोड शो करती नजर आएंगी।

Image

सुनीता केजरीवाल

Photo : Twitter

Lok Sabha Election 2024 : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) की अनुपस्थिति में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगी। वह इस सप्ताह के अंत में दिल्ली में एक रोड शो कर सकती हैं। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी है। जैसा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दिल्ली आबकारी नीति (Delhi Excise Policy) से जुड़े धनशोधन मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने से आप का चुनाव-प्रचार अभियान बहुत प्रभावित हुआ है। ऐसे में सुनीता केजरीवाल उनकी अनुपस्थिति में चुनाव-प्रचार को गति देने के लिए खुद रोड शो करेंगी। उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री की न्यायिक हिरासत सात मई तक बढ़ा दी गई है।

कोंडली विधानसभा सीट में दिखाएंगी पार्टी की ताकत

पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि मुख्यमंत्री की पत्नी आने वाले सप्ताहांत में कोंडली विधानसभा सीट पर अपना पहला रोड शो करेंगी। यहां से मौजूदा विधायक कुलदीप कुमार पार्टी के टिकट पर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से मैदान में उतरे हैं। सुनीता दिल्ली में अन्य तीन लोकसभा सीटों पर भी रोड शो करेंगी। दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लोकसभा चुनाव लड़ रही आप ने पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और नई दिल्ली सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि कांग्रेस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। सूत्रों ने बताया कि सुनीता गुजरात और पंजाब में भी आप के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगी। उनका नाम गुजरात के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End of Article