Delhi: राजधानी दिल्ली के लोगों को लॉस्ट माइल कनेक्टिविटी देने के लिए दिल्ली सरकार बड़ी पहल करने जा रही है। इसके लिए आप सरकार दिल्ली में 1,500 ई-स्कूटर लाएगी। यह फैसला मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया। सीएम केजरीवाल ने कहा कि ई-स्कूटर चलाने का यह पायलट प्रोजेक्ट द्वारका से शुरू किया जाएगा। ये सभी 1,500 ई-स्कूटर द्वारका के 250 जगहों से चलाए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली के लोग इन ई-स्कूटर को इन निर्धारित लोकेशन से लेने के बाद खुद चला सकेंगे। इसके लिए उन्हें कुछ शुल्क देना पड़ेगा। इससे बस और मेट्रो स्टेशन तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि ये सभी ई-स्कूटर 12 महीने के अंदर आ जाएंगे। इन्हें मेट्रो स्टेशन, बस स्टॉप, अस्पताल, मार्केट समेत लगभग सभी भीड़-भाड़ वाली जगहों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इन ई-स्कूटर में स्वैपेबल बैट्री लगी रहेगी। ये एकबार फुल चार्ज होने के बाद अधिकतम 60 किमी. प्रति घंटे की स्पीड से 60 किलोमीटर तक जा सकेंगी। आम लोग इन ई-स्कूटर को एक स्टेशन से उठाने के बाद 250 जगहों में से किसी भी जगह छोड़ सकेंगे। इस सुविधा के शुरू होने के बाद लोगों का सफर आसान बन जाएगा।
हर चार माह में आएंगे 500 ई-स्कूटर
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में लॉस्ट माइल कनेक्टिविटी अभी भी एक समस्या बना हुआ है। सभी नागरिक को सुरक्षित लॉस्ट माइल कनेक्टिविटी देने के लिए हम हम ई-स्कूटर ला रहे हैं। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर एग्रीमेंट किया जाएगा। इस एग्रीमेंट के होने के चार महीने के अंदर ही 100 लोकेशन पर 500 स्कूटर आ जाएंगे। इसके बाद फिर से चार-चार माह में 500-500 ई-स्कूटर आ जाएंगे। ई-स्कूटर चलाने के लिए एजेंसी के साथ सात वर्ष के लिए अनुबंध किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार,इन ई-स्कूटर में स्कैन करने के लिए क्यूआर कोड, एर्गोनोमिक डिजाइन, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, जीपीआरएस के साथ जीपीएस, हाइड्रोलिक सस्पेंशन के साथ ट्यूबलेस टायर, सीट के नीचे हेलमेट का प्रविधान और स्वैपेबल बैटरी दी गई होगी। इनके शुरू होने के बाद लोगों को लास्ट माइल कनेक्टिविटी के तौर पर एक सस्ता और टिकाऊ प्लेटफार्म मिलेगा। लोग इसका इस्तेमाल 24 घंटे कर सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
