Delhi Ka Mausam (दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा) 03-June-2025: दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। कभी तेज धूप और गर्मी लोगों को सता रही है, तो कभी आंधी-तूफान कहर बरपा रहा है। मौसम विभाग ने कल यानी मंगलवार को भी आंधी, बिजली चिमकने और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, साथ हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने सप्ताह के अंत में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है।
4 जून को भी आंधी-बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मंगलवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के साथ आंधी आने की आशंका है, जिसके कारण मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं बुधवार को भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और बारिश या आंधी की स्थिति बन सकती है।
गर्मी बढ़ेगी लेकिन नहीं चलेगी लू
दिल्ली में पांच जून से मौसम की स्थिति स्थिर होने का पूर्वानुमान है, जिसके तहत आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। इसके बाद पांच से आठ जून के बीच अधिकतम तापमान के 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान के धीरे-धीरे बढ़कर 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि गर्मी बढ़ने के बावजूद अगले सात दिन लू चलने की आशंका नहीं है।
दिल्ली में एक्यूआई मध्यम स्तर पर रहा
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम है। नगर में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम था। दिल्ली में सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘मध्यम’ श्रेणी में (158) दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
