दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI) का टर्मिनल-2 (T2) सोमवार को अस्थायी रूप से रखरखाव के कार्यों के लिए बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से इंडिगो और अकासा एयर ने अपनी फ्लाइट T-1 पर शिफ्ट की हैं, जो हाल ही में विकसित हुआ है। IGI पर हाई लेवल पर अपग्रेडशन का काम होने वाला है, इस वजह से टर्मिनल-2 अस्थाई रूप से बंद किया गया है।
T-2 अस्थाई रूप से बंद
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन सामान्य रूप से चल रहा है। अब राष्ट्रीय राजधानी के इस प्रमुख हवाई अड्डे पर केवल टर्मिनल-1 और टर्मिनल-3 चालू हैं। चार रनवे वाले इस हवाई अड्डे में से एक रनवे भी रखरखाव के लिए बंद किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार IGI पर हाई लेवल पर अपग्रेडशन का काम होने वाला है। इस कारण से टर्मिनल 2 (T-2) अप्रैल से अस्थाई रूप से 4-5 महीने के लिए बंद रहने की संभावना है।
क्या बोला एयरलांइन्स ने
T-2 से केवल इंडिगो और अकासा एयर की उड़ानें संचालित हो रही थीं। यह टर्मिनल करीब 40 साल पहले बना था। अब इन दोनों एयरलाइनों की उड़ानें पूरी तरह T-1 से संचालित हो रही हैं।
इंडिगो ने सोमवार को कहा कि उसने यात्रियों को टर्मिनल परिवर्तन की जानकारी समय पर देने के लिए पहले से जरूरी कदम उठाए हैं। वहीं, अकासा एयर ने भी बयान जारी कर कहा कि उनकी टीमें संचालन के सुचारु हस्तांतरण के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही हैं।
T-1 और T-3 संभाल लेंगे भीड़
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के अनुसार, विस्तारित टर्मिनल-1 सालाना चार करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम है, जबकि टर्मिनल-3 की क्षमता 4.5 करोड़ है। T-2 सालाना 1.5 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है।
नागरिक उड्डयन सचिव वुमलुनमंग वुअलनाम ने सोमवार को भरोसा जताया कि T-1 और T-3 मिलकर यातायात को संभाल लेंगे और टर्मिनल-2 के बंद होने से किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ की संभावना नहीं है।
IGI हवाई अड्डे पर प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन होता है।
(इनपुट: भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
