Delhi Baraut DTC Bus: दिल्ली से उत्तर प्रदेश के बड़ौत तक अब सफर और आसान हो जाएगा। डीटीसी (दिल्ली परिवहन निगम) जल्द ही कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस अड्डे से बड़ौत के लिए तीन इलेक्ट्रिक बसें चलाने जा रहा है। इन बसों का टाइम टेबल भी तैयार कर लिया गया है। दिल्ली परिवहन विभाग ने इस सेवा के लिए यूपी के परिवहन आयुक्त को प्रस्ताव भेजा है, ताकि दोनों राज्यों के बीच सहमति बन सके।
दिल्ली से बड़ौत के लिए बस का समय
इन बसों के संचालन की मांग बागपत के सांसद राजकुमार सांगवान और घोघा क्षेत्र के लोगों ने की थी। जिसके लिए सांसद राजकुमार ने सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात भी की थी। जिसके बाद दिल्ली से बड़ौत तक तीन बसें चलाने का फैसला लिया गया। बसें सुबह 6 बजे से कश्मीरी गेट से रवाना होंगी और हर आधे घंटे में एक बस चलेगी। इसी तरह, बड़ौत से दिल्ली के लिए पहली बस सुबह 9:30 बजे चलेगी और बाकी दो बसें हर 30 मिनट में रवाना होंगी। शाम को भी यही समय सारणी लागू होगी।
बीबीएम डिपो में तैनात होंगी बसें
इन बसों को बीबीएम डिपो से तैनात किया गया है। यदि कोई बस खराब होती है तो उसकी जगह दूसरी बस भेजी जाएगी, जिससे कोई ट्रिप मिस न हो। इसके अलावा गाजियाबाद, मेरठ और फरीदाबाद जैसे शहरों के लिए भी जल्द ही बस सेवाएं शुरू होने वाली हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
