Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 8 August 2025: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मानसून की रफ्तार थम गई है। इन दिनों तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। मौसम का मिजाज ऐसा है मानो मई-जून की गर्मी लौट आई हो। प्रचंड धूप और चिपचिपी गर्मी के चलते आमजन बेहाल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी, जिससे गर्मी से राहत की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं है।
बारिश का दौर लगभग थम सा गया है। बादल तो छा रहे हैं, माहौल भी बन रहा है, लेकिन बरसात नदारद है। इस वजह से दिल्ली-एनसीआर के अधिकतर इलाकों में तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है। बीते 24 घंटों में नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही बनी रह सकती है।
दिल्ली में आज का मौसम
मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, 8 अगस्त को दिल्ली का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि एनसीआर के अन्य शहरों में यह 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। 11 अगस्त तक तेज बारिश की संभावना नहीं है, केवल हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल तो रहेंगे, लेकिन बारिश की गतिविधियां सीमित ही रहेंगी। हवाएं 36 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
कैसा रहेगा आज का तापमान
दिल्ली एनसीआर में इन दिनों मौसम गर्म बना हुआ है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। नोएडा में तापमान 36/27 डिग्री, गाजियाबाद में 35/27 डिग्री, गुरुग्राम में 34/27 डिग्री, ग्रेटर नोएडा में 34/27 डिग्री और फरीदाबाद में 35/24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की बात करें तो आज दिल्ली का AQI 87, नोएडा का 81, गाजियाबाद का 83, गुड़गांव का 84, ग्रेटर नोएडा का 81 और फरीदाबाद का AQI भी 81 रहा, जो कि ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में कल यानी 9 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम और अधिकतम तापमान सामान्य से 0 से 2 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है। दिन भर दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलने वाली सतही हवाएं सुबह, दोपहर, शाम और रात के समय 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
