Delhi Fire: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में रविवार को दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरे मकान में तेजी से धुआं फैल गया। इस हादसे में मंजू जैन नाम की 40 वर्षीय महिला की दम घुटने से मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, न्यू उस्मानपुर स्थित भगत सिंह कॉलोनी के एक मकान में आग लगने की सूचना सुबह करीब सात बजे मिली।
आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आग घर के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। मंजू जैन को इमारत से निकालकर जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’
फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों के अनुसार, आग का कारण शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
