Delhi Murder News: दिल्ली के गांधी विहार इलाके में UPSC की तैयारी कर रहे युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। टीम तिमारपुर थाना ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान 21 वर्षीय अमृता चौहान, 27 वर्षीय सुमित कश्यप और 29 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक की गला घोंटकर हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए कमरे में आग लगाकर उसे हादसे का रूप देने की कोशिश की। मौके से मृतक की कुछ वस्तुएं और आरोपियों के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। 6 अक्टूबर को गांधी विहार की एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके से झुलसा हुआ शव मिला, जिसकी पहचान रामकेश मीणा (32) के रूप में हुई। जांच में पता चला कि आग लगने से पहले दो युवक और एक युवती इमारत में दाखिल हुए थे।
आरोपियों ने बताई हत्या की वजह
तकनीकी जांच में अमृता चौहान का लोकेशन मौके के आसपास मिला। पूछताछ में अमृता ने कबूल किया कि मृतक के पास उसकी कुछ आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें थीं। इन्हें वापस पाने और बदला लेने के लिए उसने अपने पूर्व प्रेमी सुमित और उसके साथी संदीप के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पहले रामकेश की गला घोंटकर हत्या की, फिर शरीर पर तेल और शराब डालकर आग लगा दी। गैस सिलेंडर का इस्तेमाल धमाका कराने के लिए किया गया ताकि यह हादसा लगे। पुलिस ने हार्ड डिस्क, ट्रॉली बैग, मृतक की शर्ट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस गिरफ्त में हैं और आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
