दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके में बुधवार को अपने माता-पिता और बड़े भाई की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी एम्स मेट्रो स्टेशन से नीचे कूद कर खुदकुशी करने का प्रयास कर रहा था, तभी वहां तैनात गार्डों ने उसे पकड़ लिया। जब उसे खुदकुशी करने के कारण पूछा तो उसने बताया कि उसने अपने मां-बाप और भाई की हत्या की है। इसके बाद उसे मैदान गढ़ी थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बुधवार को बताया था घर में खून फैला हुआ था और इसके बाद से पुलिस ने लगभग 22-23 साल के सिद्धार्थ की तलाश शुरू कर दी थी, जो हत्या के बाद से फरार चल रहा था। सिद्धार्थ का कथित तौर पर मानसिक उपचार किया जा रहा था।
इनकी हुई हत्या
पुलिस ने बताया कि उन लोगों की पहचान प्रेम सिंह, उनकी पत्नी रजनी और उनके बड़े बेटे ऋतिक (24) के रूप में हुई है। प्रेम की उम्र 45 से 50 के बीच है, जबकि रजनी की उम्र 40 से 45 साल बताई गई है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अंकित चौहान के अनुसार, सिद्धार्थ ने कथित तौर पर किसी को बताया कि उसने अपने परिवार के तीनों सदस्यों की हत्या कर दी है। पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) पर बुधवार दोपहर के आसपास पुलिस को घटना की सूचना प्राप्त हुई। मैदानगढ़ी थाने से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची थी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दंपति का छोटा बेटा सिद्धार्थ घर से गायब था। स्थानीय पूछताछ से पता लगा है कि उसका मानसिक उपचार किया जा रहा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
