Delhi News: दिल्ली के प्रगति मैदान टनल में वाहनों की तेज रफ्तार पर लगाम लगी है। टनल के अंदर वाहनों की स्पीड 30 किमी प्रति घंटा से अधिक होने पर अब पर चालान कटेगा। वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए चालान काटने वाले कैमरे भी लगाए जाएंगे। अभी यहां पर सामान्य कैमरे लगे हुए हैं, जिन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगाया गया है। इस टनल में अब जल्द ही तेज रफ्तार वाहनों की पहचान करने वाले कैमरे लगाए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने इसको लेकर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
कैमरे करेंगे रफ्तार वाले वाहन की पहचान
प्रगति मैदान टनल में वाहनों की तेज रफ्तार के कारण कई हादसे हो चुके हैं। इन हादसों पर रोक लगाने के लिए अब तेज रफ्तार वाहनों के चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार प्रगति मैदान टनल के अंदर वाहनों की स्पीड 30 किमी प्रति घंटा तय है। इसके बावजूद वाहन इससे अधिक स्पीड से चलते हुए ही दिखाई देते हैं। जिसके कारण कई बार हादसे भी हुए हैं। लेकिन अब इन वाहनों की स्पीड पर लगाम लगाने के लिए स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (NPR) करने वाले कैमरे टनल में लगेंगे। इन कैमरों के लगने के बाद अगर कोई वाहन 30 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से टनल में चलेगा तो उसका चालान तुरंत कट जाएगा।
एनपीआर कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू
टलन में एनपीआर कैमरों की लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिकारियों के अनुसार इन कैमरों को मुख्यालय की ओर से लगाने की प्रक्रिया चल रही है। टनल के अंदर प्रमुख बिंदुओं की पहचान भी कर ली गई है, जहां पर इन कैमरों को लगाया जाएगा। पीडब्ल्यू के अधिकारियों का कहना है प्रगति मैदान टलन की डिजाइन में कोई खामी नही हैं और न ही इसमें तकनीकी रूप से कोई खराबी है। उन्होंने बताया कि टनल में सभी प्रवेश, निकास और मोड़ सभी मानक के अनुसार ही है। टनल में पानी के रिसाव को भी ठीक कर लिया गया है।
टनल में हादसा
प्रगति मैदान टलन का उद्घाटन 19 जून 2022 को हुआ था। यह टनल अभी तक बाइक सवारों के लिए खतरनाक साबित हुई हैं। बीते शनिवार को इस टनल में दिल्ली पुलिस के एसआई की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। वे बाइक पर सवार होकर अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी टनल में बाइक फिसलकर गिर गई और उनकी मौत हो गई। इससे पहले 2023 में भी एक बाइक के पिलर से टकरान से 19 वर्षीय युवक की मौत हो चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
