Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार, 20 मई यानी आज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का मैच होने वाला है। आज के मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स एक दूसरे के आमने-सामने होने वाले हैं। इन दोनों टीमों के बीच शाम 7 बजे से रात 11:30 बजे तक खेला जाएगा। मैच के दौरान स्टेडियम के आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा, जिसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। मैच देखने भारी संख्या में यहां लोग पहुंचेगे। भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बता दें कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा पार्किंग की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया है। यदि आप भी यात्रा के लिए आज चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाने वाला आईपीएल मैच देखने जा रहे हैं या अरुण जेटली स्टेडियम से होते हुए अपने घर या किसी अन्य स्थान पर जाने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर खास आपके लिए है। क्योंकि मैच के चलते ट्रैफिक पुलिस द्वारा कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश निषेध है तो वहीं कई मार्गों पर डायवर्जन किया गया है।
किन गेटों से होगी स्टेडियम में एंट्री
अरुण जेटली स्टेडियम में गेट नंबर 1 से 8 तक प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग से मिलेगा। वहीं गेट नंबर 10 से 15 के लिए एंट्री आप जवाहरलाल नेहरू मार्ग से कर पाएंगे। गेट नंबर 16 से 18 के लिए प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग पेट्रोल पंप के समीप से होगा।
ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने किए खास बंदोबस्त
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मैच को देखते हुए भीड़ बढ़ने की स्थिति में बहादुरशाह जफर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर यातायात को जाने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान भारी वाहनों एवं बसों को दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक जाना प्रतिबंधित रहेगा।
आईपीएल के चलते ये रास्ते रहेंगे प्रभावित
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर राजघाट से दिल्ली गेट होते हुए कमला मार्केट, आसफ अली रोड पर तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट, बहादुरशाह जफर मार्ग पर दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक ट्रैफिक प्रभावित रहने की जानकारी दी गई है।
इन रास्तों पर बनाई गई है पार्किंग
मैच देखने आने वाले लोगों की भारी संख्या का अनुमान लगाकर ट्रैफिक पुलिस द्वारा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दर्शक यहां अपने वाहन पार्क कर स्टेडियम जा सकते हैं और मैच का लुत्फ उठा सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
