दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल Samsung Electronics अपने शेयरधारकों को अब तक का सबसे बड़ा रिटर्न देने की तैयारी में है। कंपनी शुक्रवार को एक नए Shareholder Return Package का ऐलान कर सकती है, जिसकी वैल्यू 90 ट्रिलियन वॉन से 110 ट्रिलियन वॉन यानी करीब 65 अरब से 79 अरब डॉलर तक हो सकती है।
अगर 110 ट्रिलियन वॉन वाला पैकेज मंजूर होता है तो यह सैमसंग के सबसे बड़े कैपिटल रिटर्न इनिशिएटिव में शामिल होगा और दक्षिण कोरिया की किसी कंपनी की सबसे बड़ी शेयरहोल्डर रिटर्न योजनाओं में से एक बन सकता है। हालांकि, अंतिम रकम और पैकेज की संरचना पर सैमसंग की आधिकारिक मुहर अभी बाकी है।
ब्लूमबर्ग ने मामले की सीधे जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के हवाले से दावा किया है कि सैमसंग के बोर्ड की बैठक शुक्रवार को होनी है और इसके बाद योजना के विवरण का ऐलान किया जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने इस रिपोर्ट पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।
निवेशकों को कमाई का फायदा
सैमसंग के इतने बड़े शेयरहोल्डर रिटर्न प्रोग्राम के पीछे सबसे बड़ी वजह AI सेमीकंडक्टर की बढ़ती मांग है। दुनियाभर में AI डेटा सेंटर और एडवांस्ड कंप्युटिंग के लिए मेमरी चिप्स की जरूरत तेजी से बढ़ी है। इसका सीधा फायदा सैमसंग और SK Hynix जैसी दक्षिण कोरियाई चिप कंपनियों को मिला है। AI Boom ने इन कंपनियों के कैश फ्लो को मजबूत किया है। ऐसे में निवेशक अब सिर्फ मुनाफे और भविष्य के निवेश को नहीं देख रहे, बल्कि यह भी चाहते हैं कि कंपनियां अपने अतिरिक्त कैश हिस्सा शेयरधारकों को लौटाएं।
SK Hynix ने बनाया दबाव
सैंमसंग पर निवेशकों को कैश बांटने का सबसे बड़ा दवाब उसकी प्रतिद्वंद्वी SK Hynix की वजह से है। क्योंकि, SK Hynix ने 40 ट्रिलियन वॉन का शेयर बायबैक घोषित किया है, जिसे दक्षिण कोरिया की किसी भी लिस्टेड कंपनी का सबसे बड़ा ऐसा कार्यक्रम बताया गया है। कंपनी ने 2025 से 2027 के बीच अपने फ्री कैश फ्लो का 50 प्रतिशत से ज्यादा शेयरधारकों को लौटाने की नीति भी अपनाई है।
79 अरब डॉलर में क्या मिलेगा?
सैमसंग 90 से 110 ट्रिलियन वॉन के संभावित पैकेज में स्पेशल कैश डिविडेंड दे सकती है। यानी Samsung सीधे शेयरधारकों के खातों में ज्यादा कैश देगी। इसके साथ ही शेयर बायबैक की संभावना पर भी निवेशक नजर रख रहे हैं। फ्री कैश फ्लो का 50 प्रतिशत शेयरहोल्डर रिटर्न के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है और पैकेज में स्पेशल डिविडेंड शामिल होने की उम्मीद है। कुछ विश्लेषकों ने इससे भी बड़े आंकड़ों का अनुमान लगाया था, लेकिन कंपनी के भारी निवेश की जरूरतों को देखते हुए करीब 100 ट्रिलियन वॉन से ज्यादा का पैकेज अधिक व्यावहारिक माना जा रहा है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : बाजार जितना क्यों नहीं भागता आपका पोर्टफोलिया? दिग्गज निवेशक देविना मेहरा ने खोला राज
