Delhi Temperature: राजधानी दिल्ली के लोगों की क्रिसमस के साथ ही कंपकंपी छूटने लगी है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाएं लोगों को धूप में भी ठिठुरन का एहसास करा रही हैं। इस सीजन में पहली बार गंभीर शीतलहर शुरू होते ही दिल्ली में शिमला जैसी ठंड पड़ने लगी है। इसकी वजह से मौसम विभाग ने रविवार को ही शीतलहर का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। सोमवार को राजधानी में कई जगहों पर अधिकतम तापमान 14 डिग्री के आसपास बना रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान कुछ जगहों पर 4 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शीत लहर की वजह से आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को इस तरह ठंड का सामना करना पड़ेगा।
सोमवार को सुबह दिल्ली में गहरी धुंध छाई रही। दोपहर बाद कुछ घंटे के लिए आसमान में सूर्य देवता नजर आए, लेकिन इसके बाद भी ठंड कम नहीं हुई। लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव जलाते नजर आए। बता दें कि राजधानी में रविवार से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एकदम से गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को पालम में अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के आया नगर क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया, यह राजधानी का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।
आने वाले दिनों में यह रहेगा दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार इस बार दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप देरी से शुरू हुआ है। बीते साल 2021 में राजधानी के अंदर पहली शीतलहर 18 दिसंबर को दर्ज की गई थी। हालांकि इस दिन दिल्ली का तापमान 17.8 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को आसमान साफ रह सकता है। हालांकि सुबह और रात को घना कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली का अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास रह सकता है। दिल्ली के लोगों को 28 दिसंबर से ठंड में कुछ राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, 28 से 31 दिसंबर तक यानी साल के आखिरी दिनों में अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री रहने की संभावना है। हालांकि, लोगों को तब भी ठंड से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी। क्योंकि मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी, जिससे लोगों को दिन में भी ठंड का एहसास होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
