दिल्ली

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने हेरोइन तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, दो हाई-प्रोफाइल महिला स्मगलर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पूर्वी दिल्ली में एक हेरोइन तस्कर गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 1 किलो से अधिक हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। मुख्य आरोपी सीमा, जो कि 25 वर्षों से इस अवैध धंधे में संलग्न है, ने अपने परिवार के सदस्यों को भी इस गतिविधि में शामिल कर रखा था।

Image

25 सालों से चला रहे थे कारोबार (सांकेतिक तस्वीर | iStock)

Photo : iStock

Delhi News: दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पूर्वी दिल्ली में सक्रिय एक बड़े हेरोइन तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो हाई-प्रोफाइल महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह की सरगना सहित 1,049 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। बरामद हेरोइन के साथ ही पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

25 सालों से चल रहा था नशे का कारोबार

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नंद नगरी निवासी सीमा और शाहदरा निवासी समिता के रूप में हुई है। सरगना सीमा नंद नगरी थाने की बीसी यानी बैड कैरेक्टर की सूची में दर्ज है और पिछले 25 वर्षों से ड्रग तस्करी के अवैध कारोबार में शामिल है। हैरानी की बात यह है कि सीमा ने न केवल अपने दो बेटों को इस नेटवर्क में शामिल किया, बल्कि अपनी साली समिता को भी गिरोह का हिस्सा बना लिया। समिता का भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। सीमा के खिलाफ अकेले एनडीपीएस एक्ट के 10 और आबकारी एक्ट के 30 केस दर्ज हैं, जिससे उसके लंबे आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि होती है।

GTB अस्पताल के पास हुई छापेमारी

पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने जानकारी दी कि लगातार मिल रही खुफिया सूचनाओं और तकनीकी निगरानी के आधार पर टीम को नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में सक्रिय ड्रग सिंडिकेट की जानकारी मिली थी। हेड कांस्टेबल दीपक को गुप्त सूचना मिली कि GTB अस्पताल के पास दो महिलाएं स्कूटी पर ड्रग डिलीवरी के लिए आने वाली हैं।

इस पर ACP राजकुमार की निगरानी और इंस्पेक्टर शिव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। 22 अगस्त को GTB अस्पताल के पास दबिश दी गई, जहां ड्रग्स के लेन-देन के समय दोनों महिलाओं को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि ये दोनों नंद नगरी के डी-ब्लॉक झुग्गी क्षेत्र में हेरोइन की खेप पहुंचाने की योजना बना रही थीं।

तस्करी नेटवर्क में महिला का मजबूत नेटवर्क

जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह की सरगना सीमा ने दिल्ली-एनसीआर से हेरोइन खरीदकर नंद नगरी समेत उत्तर-पूर्वी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई की एक मजबूत श्रृंखला तैयार कर रखी थी। समिता इस नेटवर्क में लॉजिस्टिक सपोर्ट का काम देखती थी, जिससे ड्रग्स की डिलीवरी और स्थानीय तस्करों को समय पर माल पहुंचाना संभव हो पाता था।

पुलिस अब सीमा के बेटों और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है, ताकि इस नेटवर्क की पूरी जड़ तक पहुंचा जा सके। यह गिरफ्तारी न सिर्फ दिल्ली में ड्रग माफिया के खिलाफ बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, बल्कि महिला तस्करों के सक्रिय नेटवर्क पर भी सवाल खड़े कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article