Delhi Fake Eno Factory Busted: अगर आप पेट गैस से राहत पाने के लिए अक्सर ENO पीते हैं तो सावधान हो जाइए। दिल्ली पुलिस ने राजधानी में नकली ENO बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यह फैक्ट्री उत्तर पश्चिमी दिल्ली के इब्राहिमपुर गांव में चलाई जा रही थी, जहां से पुलिस ने भारी मात्रा में नकली प्रोडक्ट और पैकिंग सामग्री बरामद की है।
ENO की पैकिंग में नकली माल
क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी के दौरान 91,257 नकली ENO सैशे, 80 किलो कच्चा माल, 54,780 स्टिकर, 2,100 खाली पैकिंग पाउच और 13 किलो से अधिक प्रिंटेड रोल जब्त किए। मौके से एक मशीन भी मिली, जिससे यह नकली पाउडर तैयार कर असली दिखने वाली पैकिंग में भरकर बेचा जा रहा था।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक फैक्ट्री का संचालक संदीप जैन और दूसरा मशीन चलाने वाला जितेंद्र उर्फ छोटू। दोनों आरोपी लंबे समय से यह धंधा चला रहे थे और नकली दवा को बाजार में असली ENO के नाम पर बेच रहे थे।
कंपनी के शिकायत पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई ग्लैक्सो स्मिथ क्लाइन कंपनी (GSK) की शिकायत पर की गई, जो असली ENO की निर्माता है। कंपनी को बाजार में नकली उत्पादों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सेहत के लिए हो सकता है खतरा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी इस नकली ENO को दिखने में बिल्कुल असली जैसा बनाते थे ताकि ग्राहक धोखा खा जाएं। लेकिन इसमें इस्तेमाल किया जाने वाला रासायनिक मिश्रण स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि ये नकली प्रोडक्ट किन बाजारों में सप्लाई किए जा रहे थे और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है। ऐसे में उपभोक्ताओं से सावधानी की अपील है। किसी भी संदिग्ध या सस्ते उत्पाद खरीदने या इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि नकली दवाएं शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
