Delhi Crime: शादी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले सुने और देखे होंगे, लेकिन राजधानी दिल्ली में धोखाधड़ी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां पर एक बहरुपिये ने खुद को आईपीएस अफसर और सीबीआई में ज्वाइंट डायरेक्टर बता कर शादी के नाम पर एक अमीर घर की लड़की से धोखाधड़ी शुरू कर दी। हालांकि ठगी का यह खेल ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका और लड़की की चालाकी से आरोपी पकड़ा गया। अब आरोपी दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, जांच में पता चला है कि, आरोपी इससे पहले भी इसी तरह फर्जी अधिकारी बनकर लड़कियों को शादी का झांसा देकर ठगी कर चुका है।
इस मामले में पुलिस को रोहिणी की रहने वाली 35 साल की युवती द्वारा शिकायत दी गई है। लड़की ने बताया कि, वह पेशे से एडवोकेट है और अपने पिता के साथ ही प्रैक्टिस करती है। शिकायतकर्ता युवती ने पुलिस को बताया कि, उसकी मां उसकी शादी के लिए मैट्रिमोनियल साइट्स पर लड़का खोज रही थीं। इस दौरान वेबसाइट पर ही एक लड़के की तरफ से शादी का ऑफर आया। जिसके बाद उससे बातचीत शुरू की गई। उसने खुद को साल 2010 के बैच का आईपीएस अफसर बताते हुए कहा कि, वह इस समय सीबीआई में ज्वाइंट डायरेक्टर के पद पर कार्य कर रहा है। साथ ही आरोपी ने अपना सालाना सैलरी पैकेज 70 लाख रुपये बताया है।
युवती ने ऐसे खोली आरोपी की पोल
शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि, कुछ दिन बात कर उसे भरोसे में लेने के लिए सीबीआई का फर्जी आईडेंटिटी कार्ड भी उसे दिखाया। इसके बाद दोनों में मुलाकात होने लगी। युवती ने बताया कि, इस दौरान आरोपी ने उसे बताया कि, किसी कारण से उसका बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया है और उसे पैसे की जरूरत है। आरोपी ने युवती से करीब पांच लाख रुपये ठग लिए। युवती ने बताया कि, उसे युवक पर शक हुआ तो उसने उसके बारे में इंटरनेट पर सर्च किया तो पता चला कि, आरोपी इससे पहले खुद को एनआईए अफसर बता कर किसी लड़की से ठगी कर चुका है और एक लड़की से दुष्कर्म के मामले में जेल भी जा चुका है। इसके बाद युवती ने आरोपी के बारे में पुलिस को शिकायत दी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि, आरोपी की पहचान मयंक कपूर के रूप में हुई है। आरोपी रोहिणी के सेक्टर 19 का रहने वाला है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
