दिल्ली-एनसीआर में काले बादलों की आवाजाही के बीच शनिवार की शाम झमाझम बारिश हुई है, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया है। उमस से काफी राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में अगले तीन घंटों तक गरज के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मूसलाधार बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव हो गया है और कई इलाकों में ट्रैफिक काफी धीमा हो गया। अगर शनिवार या रविवार की सुबह तेज बारिश जारी रही तो यातायात और भी बाधित हो सकता है। इस दौरान बादलों के गरजने, तेज हवाओं के चलने और आकाशीय बिजली कड़क सकती है, लिहाजा लोगों से सतर्क रहने और बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को एनसीआर के दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में रविवार को भी गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। अगर, तेज बारिश होती है तो रविवार की छुट्टी पर घर पर ही रहकर चाय की चुस्कियां लेनी होंगी।
आईएमडी के मुताबिक, शनिवार को उत्तर, मध्य, दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उसके बाढ़ नियंत्रण कक्ष को दिन में जलभराव की कम से कम 10 शिकायतें मिलीं और उनमें से अधिकांश को एक घंटे के भीतर ही दूर कर दिया गया। आईएमडी ने शनिवार शाम और रविवार को सिविल लाइंस, लाल किला, लाजपत नगर, नरेला, बवाना, अलीपुर और आईटीओ सहित कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है।
विभाग के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। उसने बताया कि शहर में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है।
दिल्ली में कितना प्रदूषण?
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता 76 प्रतिशत दर्ज की गई। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में शाम को एक्यूआई 93 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
नोएडा में मूसलाधार बारिश से जलभराव
नोएडा में भी शनिवार की शाम हुई बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, तो वही जल भराव और जाम ने शहरवासियों की परेशानी भी बढ़ा दी। बारिश के बाद शहर में जगह जगह जाम देखने को मिल रहा है। शाम होते ही अचानक हुई। झमाझम बारिश से मौसम तो सुहाना हो गया, लेकिन झमाझम बारिश के कारण कुछ ही देर में जगह-जगह जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ और लोगों जगह जगह ट्रैफिक स्लो हो गया जिस वजह से लोगो को काफी दिखते हुई।
नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाले सभी बॉर्डर पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। चाहे वो चिल्ला बोर्डर, कालिंदी कुंज बोर्डर हो या डीएनडी हर जगह जाम की स्थिति बनी रही वहीं, शहर के अंदर की प्रमुख सड़कों का हाल भी यही रहा। बारिश ठीक उस वक्त पर हुई जब दफ्तर छूटने का समय था। लोग घर लौट रहे थे। पिक आवर में जाम और जलभराव ने मुश्किलें और बढ़ा दीं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
