दिल्ली

Delhi-NCR Pollution: दिल्ली की हवा में हल्का सुधार, आज भी धुंध से ढका आसमान; जानें कितना है AQI?

दिल्ली-एनसीआर में हल्की हवा के चलने से प्रदूषण के स्तर में हल्की गिरावट देखने को मिल रही है। लेकिन अभी भी बेहद खराब स्तर पर दिल्ली का औसत एक्यूआई बना हुआ है। कई इलाकों में 350 के करीब भी एयर क्वालिटी दर्ज की गई। एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण से स्थिति खतरनाक बनी हुई है।

Image

दिल्ली में प्रदूषण (ANI)

Photo : ANI

Delhi Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में हल्की हवा चलने से वायु प्रदूषण में मामूली राहत मिली है, लेकिन हालात अब भी बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। आज सुबह भी राजधानी क्षेत्र में आसमान में धुंध छाई हुई नजर आई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, ज्यादातर इलाकों में एक्यूआई 'खराब' से 'बेहद खराब' श्रेणी के बीच बना हुआ है। इससे सांस से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों के साथ-साथ स्वस्थ व्यक्तियों को भी परेशानी का खतरा बढ़ गया है।

दिल्ली में कितना है AQI

सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार आज सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 301 रहा, जिसे बेहद खराब की श्रेणी में मान जाता है। दिल्ली के प्रमुख मॉनिटरिंग स्टेशनों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पूसा, आरके पुरम, रोहिणी, शादीपुर और वजीरपुर जैसे क्षेत्रों में एक्यूआई 320 के आसपास से 345 तक रिकॉर्ड किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक हानिकारक माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्तर के प्रदूषण में बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या हृदय रोग से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

ग्रेटर नोएडा में कितना रहा AQI

ग्रेटर नोएडा में दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार एक्यूआई 292 रहा, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। यहां नॉलेज पार्क-III में 261 और नॉलेज पार्क-V में 323 का स्तर रिकॉर्ड किया गया। स्वास्थ्य प्रभाव सूचना में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि ऐसी हवा लंबे समय तक सांस लेने में असुविधा और श्वसन संबंधी समस्याओं को जन्म दे सकती है।

गाजियाबाद में कितना रहा AQI

गाजियाबाद में भी स्थिति बेहतर नहीं दिखी। इंदिरापुरम में 284, संजय नगर में 273, वसुंधरा में 276 और लोनी में एक्यूआई 360 दर्ज हुआ, जिसे 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है। वहीं नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर काफी खतरनाक रहा। सेक्टर-125 में 355, सेक्टर-1 में 320 और सेक्टर-116 में 332 का एक्यूआई दर्ज किया गया। दिल्ली के प्रमुख मॉनिटरिंग स्टेशनों से प्राप्त आंकड़े स्थिति को और गंभीर बनाते हैं।

दिल्ली-NCR में कब सुधरेगी हवा

दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों हवा की रफ्तार बढ़ने के कारण प्रदूषण में हल्की कमी हो सकती है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई में बड़े सुधार की संभावना कम ही है। ऐसे में चिकित्सकों ने लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है, जिसमें मास्क पहनकर बाहर निकलना, सुबह की वॉक या आउटडोर एक्सरसाइज से परहेज करना, घर की खिड़कियों में एयर फिल्टर का प्रयोग और पानी अधिक मात्रा में पीना शामिल है।

(इनपुट - IANS)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article