Heat Wave in Delhi: दिल्ली में गर्मी ने मंगलवार को रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली में मंगलवार को तापमान करीब 50 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। आईएमडी ने बताया कि आज दिल्ली के मुंगेशपुर में तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस साल अब तक सबसे अधिकतम तापमान है। इसके साथ ही मौसम अधिकारियों ने राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली में अन्य जगहों का हाल
वहीं, दिल्ली के नजफगढ़ का तापमान भी 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नरेला में 49.9 डिग्री सेल्सियस, पीतमपुरा में 48.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा आज सफदरजंग में 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पालम में 47 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। आया नगर में 47.6 डिग्री सेल्सियस, रिज में 47.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
सोमवार को कैसा था मौसम?
बता दें कि बीतें दिन सोमवार को दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से पांच डिग्री अधिक है। मुंगेशपुर मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है।
सभी केंद्रों पर अधिकतम तापमान दर्ज
जानकारी के अनुसार, सभी मौसम केंद्रों में इन क्षेत्रों में दैनिक आधार पर सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। राजधानी मंगलवार को रेड अलर्ट पर रही और यहां पिछले तीन दिनों से लू चल रही है। स्काईमेट वेदर में मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन के उपाध्यक्ष, महेश पलावत ने स्थिति की व्याख्या करते हुए कहा कि खाली जमीन वाले खुले क्षेत्रों में, विकिरण अधिक होता है। सीधी धूप और छाया की कमी इन क्षेत्रों को असाधारण रूप से गर्म बनाती है।
लू से प्रभावित मरीजों की संख्या में वृद्धि
इधर, दिल्ली सरकार द्वारा संचालित एलएनजेपी अस्पताल में लू के कारण प्रभावित मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। लोक नायक अस्पताल की डॉ. रितु सक्सेना ने बताया कि हमने इस सप्ताह गर्मी से प्रभावित कई मरीज देखे हैं। अकेले कल, हमारे पास लगभग 10 मरीज आए जो लू से प्रभावित थे। बुखार, सिरदर्द, उल्टी और बेहोशी जैसे लक्षण आम हैं। उन्होंने यह भी सलाह दी कि लोगों को खासकर उस समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए जब गर्मी चरम पर होती है और उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना चाहिए।
इनपुटः भाषा
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
