Delhi MCD By-Elections : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 पार्षद से विधायक बनने से खाली हुई निगम सीटों पर उप चुनाव को लेकर इंतजार खत्म होने वाला है। लिहाजा, अब दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों में उपचुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन वार्डों में मुंडका, शालीमार बाग-बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका बी, दिचाऊं कला, नारायणा, संगम विहार-ए, दक्षिण पुरी (एससी), ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर शामिल हैं। ये वार्ड मुंडका, वजीरपुर, मटियाला, नजफगढ़, राजेंद्र नगर, देवली और पटपड़गंज जैसे प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आते हैं। हालांकि, अभी चुनाव की तारीखों के ऐलान का इंतजार है।
दिल्ली निर्वाचन आयोग ने पुष्टि की है कि 1 जनवरी 2025 को अपडेट की गई विधानसभा मतदाता सूची को इन उपचुनावों के लिए उपयोग किया जाएगा, जैसा कि नगर निगम अधिनियम, 1957 की धारा 7(ई) में कहा गया है। आयोग ने प्रेस नोट में बताया, "नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख तक तैयार किए गए सभी अतिरिक्त मतदाता सूची भी इन उपचुनावों के लिए इस्तेमाल की जाएंगी।"
न्यूज एजेंसी भाषा के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सभी 12 वार्डों के रिटर्निंग ऑफिसरों को निर्देश दिए गए हैं और उन्हें 13 अक्टूबर 2025 तक मतदान केंद्रों को अंतिम रूप देने का काम सौंपा गया है। नागरिकों से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित करने के लिए सार्वजनिक नोटिस पहले ही जारी किए जा चुके हैं। सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए, दिल्ली सरकार और एमसीडी के अधिकारियों को जिला चुनाव अधिकारी, आरओ, एआरओ और सामान्य पर्यवेक्षकों के रूप में तैनात किया गया है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान खर्च की निगरानी के लिए व्यय पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे।
| वार्ड संख्या/नाम | आरक्षण स्थिति | विधानसभा का नाम |
| 35- मुंडका | सामान्य | मुंडका |
| 56- शालीमार बाग-बी | महिला | शालीमार बाग-बी |
| 65- अशोक विहार | महिला | वजीरपुर |
| 74 -चांदनी चौक | सामान्य | चांदनी चौक |
| 76- चांदनी महल | सामान्य | मटिया महल |
| 120- द्वारका बी | महिला | मटियाला |
| 128 -दिचाऊं कला | महिला | नजफगढ़ |
| 139 -नारायणा | सामान्य | राजेंद्र नगर |
| 163 -संगम विहार-ए | सामान्य | देवली |
| 164 -दक्षिण पुरी (एससी) | अनुसूचित जाति | देवली |
| 173 -ग्रेटर कैलाश | महिला | ग्रेटर कैलास |
| 198-विनोद नगर | सामान्य | पटपड़गंज |
क्या होंगी व्यवस्थाएं?
आयोग ने मतदाता सहायता के लिए कई उपायों की घोषणा की है, जिनमें व्हीलचेयर बुकिंग, 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए निगम चुनाव दिल्ली मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से पिक-एंड-ड्रॉप सुविधाएं शामिल हैं। भियान अनुमतियों को सुव्यवस्थित करने और शिकायतों को कुशलतापूर्वक निपटाने के लिए एकल खिड़की अनुमति पोर्टल भी शुरू किया जा रहा है। उपचुनाव के लिए एक सिंगल विंडो परमिशन पोर्टल शुरू किया जा रहा है ताकि चुनाव प्रचार की अनुमति आसानी से मिल सके और शिकायतों का तेजी से समाधान हो।
आयोग ने कहा कि आज दिल्ली पुलिस आयुक्त के साथ एक बैठक हुई, जिसमें उपचुनाव को सुचारू रूप से कराने के लिए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। आयोग जल्द ही दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव के साथ बैठक करेगा ताकि सभी व्यवस्थाएं सुचारू हों और उपचुनाव जल्दी कराए जा सकें। चुनाव की तारीखों की घोषणा त्योहारों, परीक्षाओं, लॉजिस्टिक समस्याओं और सुरक्षा संबंधी जानकारी को ध्यान में रखकर की जाएगी, ताकि शांतिपूर्ण और व्यवस्थित चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित हो।
दिल्ली में क्यों हो रहे पार्षद उपचुनाव?
दरअसल, 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा सांसद कमलजीत चुनाव जीतने, जबकि इसी साल विधायक बने 11 पार्षदों ने अपनी निगम सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। लिहाजा, निगम के 12 वार्ड खाली हो गए थे। ऐसे में इन सीटों को भरने के लिए उपचुनाव होने हैं।
8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में 11 निगम पार्षद चुनाव जीतकर विधायक बने थे। इनमें से 8 भाजपा और 3 आम आदमी पार्टी के पार्षद शामिल थे। स्वयं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शालीमार बाग वार्ड से पार्षद थी और इसी विधानसभा से विधायक चुनी गईं। उन्होंने भी अपने वार्ड नंबर 56 की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
