शहर

2022 का वोट गणित बनाम इमरान मसूद का अपना किला, सहारनपुर में क्यों फंसा है सपा-कांग्रेस का पेच

UP Election 2027: यूपी चुनाव 2027 से पहले सहारनपुर की बेहट और देहात (ग्रामीण) विधानसभा सीटों को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में घमासान छिड़ गया है। सपा की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची आने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद नाराज दिखाई दे रहे हैं।

Image

सपा-कांग्रेस में दिखी रार (फाइल फोटो)

Photo : PTI

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अभी औपचारिक बिगुल बजना बाकी है, लेकिन इंडिया गुट के दो प्रमुख घटकों, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच तलवारें खिंच गई हैं। मंगलवार रात सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अचानक 5 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर देहात सीटें शामिल हैं। इन दोनों सीटों पर एकतरफा उम्मीदवार उतारने के फैसले के बाद सहारनपुर से कांग्रेस के लोकसभा सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने बेहद तीखा रुख अपनाया है। मसूद ने इस कदम को 'गठबंधन धर्म के खिलाफ' करार दिया है और सहारनपुर की सभी 7 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी उतारने के लिए अपने आलाकमान पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है।

सपा का एकतरफा फैसला और इमरान मसूद की नाराजगी

सपा ने बेहट विधानसभा सीट से अपने मौजूदा विधायक उमर अली खान और सहारनपुर देहात से विधायक आशु मलिक को फिर से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इस घोषणा के तुरंत बाद कांग्रेस खेमे में भारी नाराजगी फैल गई। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा की नीयत पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट किया कि एक तरफ तो सीट शेयरिंग की वार्ता चल रही है, वहीं दूसरी तरफ उम्मीदवारों का ऐलान किया जा रहा है। इमरान मसूद ने अपने बयान में कहा कि सपा का यह एकतरफा कदम गठबंधन धर्म का पालन नहीं है। जब बैठकर गंभीर चर्चा हो रही थी, तब अचानक यह घोषणा कर दी गई। हम किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं। सपा पहले यह तय करे कि वह बीजेपी से लड़ना चाहती है या हमसे? मैं पार्टी हाईकमान से लगातार संपर्क में हूं और उनके निर्देशों का इंतजार कर रहा हूं। उसके बाद ही अगला कदम उठाऊंगा।

सहारनपुर में क्यों फंसा है पेच?

सहारनपुर में सपा और कांग्रेस दोनों के अपने-अपने तर्क और चुनावी गणित हैं:

सपा का तर्क: सपा का स्पष्ट रुख है कि जिन सीटों पर उसके मौजूदा विधायक हैं, उन पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। 2022 के विधानसभा चुनाव में बेहट सीट से सपा के उमर अली खान को करीब 1.34 लाख वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को महज 1,632 वोट मिले थे। सहारनपुर देहात सीट से सपा के आशु मलिक को 1.07 लाख वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को सिर्फ 1,217 वोट हासिल हुए थे। इसी प्रदर्शन के कारण सपा इन सीटों को कांग्रेस को नहीं देना चाहती है।

इमरान मसूद का दावा: इमरान मसूद का तर्क 2022 के सपा के आंकड़ों से परे उनके व्यक्तिगत राजनीतिक आधार पर टिका है। मसूद खुद 2007 में बेहट (तत्कालीन मुजफ्फराबाद) से निर्दलीय विधायक चुने गए थे। 2012 के चुनाव में उनके समर्थन वाले प्रत्याशी केवल 71 वोटों से हारे थे, और 2017 में उनके समर्थन से कांग्रेस उम्मीदवार ने करीब 31 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। 2022 में मसूद ने खुद सपा का समर्थन किया था, जिसके चलते उमर अली खान की जीत संभव हो सकी थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में मसूद ने सहारनपुर से कांग्रेस के टिकट पर भारी मतों से जीत दर्ज की। ऐसे में उनका मानना है कि जिले की इन दोनों सीटों पर कांग्रेस का जनाधार बेहद मजबूत है।

130 बनाम 26 सीटों की खींचतान: गठबंधन का क्या होगा?

सीट शेयरिंग को लेकर दिल्ली में हुई बैठकों के दौरान कांग्रेस ने सपा के सामने 130 से अधिक संभावित सीटों की सूची रखी थी। इसके जवाब में समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 'जीतने योग्य' सीटों का प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर संयम का संदेश देते हुए लिखा था कि "जीतने वाली पहली 26 सीटों से शुरुआत हुई है, समझदारी से बात आगे बढ़ेगी", लेकिन उसी रात 5 उम्मीदवारों का ऐलान कर उन्होंने अपनी आक्रामक रणनीति साफ कर दी। अब सबकी नजरें कांग्रेस आलाकमान के रुख पर टिकी हैं। इमरान मसूद का कांग्रेस नेतृत्व को दिया गया फीडबैक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 'इंडिया' गठबंधन के भविष्य और आगामी सीट शेयरिंग फार्मूले का रुख तय करेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article