राजधानी दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाएं एक नए युग में प्रवेश करने जा रही हैं। दिल्ली सरकार 24 जुलाई को एक साथ 34 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 8 जन औषधि केंद्र, और अत्याधुनिक हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (HIMS) का लोकार्पण करने जा रही है। यह लोकार्पण समारोह दिल्ली सचिवालय के ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि होंगी, जबकि स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
दिल्ली सरकार का कहना है कि HIMS सिस्टम दिल्ली सरकार के अस्पतालों में डिजिटल क्रांति लेकर आएगा। यह सिस्टम मरीजों के इलाज से जुड़ी सभी जानकारी जैसे पंजीकरण, टेस्ट रिपोर्ट, दवाइयाँ, और डॉक्टर की सलाह को एकीकृत और डिजिटल रूप से सुरक्षित रखेगा।
'जन औषधि केंद्रों के जरिये जनता को कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं मिलेंगी'
इससे न केवल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और समय की बचत भी सुनिश्चित होगी।आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से नागरिकों को घर के पास ही मुफ्त प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, जन औषधि केंद्रों के जरिये जनता को कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं मिलेंगी।
दिल्ली सरकार का यह कदम राजधानी में समावेशी, किफायती और तकनीक आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।
अब होगा इलाज पेपरलेस और टेक्नोलॉजी से लैस
HIMS के तहत दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी/आईपीडी पंजीकरण, लैब व रेडियोलॉजी रिपोर्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल रिकॉर्ड्स, दवा भंडारण, ऑपरेशन थियेटर प्रबंधन जैसी 20 डिजिटल सेवाएं शुरू की जाएंगी। अब तक 93 लाख से अधिक लोगों के ABHA हेल्थ आईडी बनाए जा चुके हैं, जिससे प्रत्येक नागरिक का हेल्थ रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा।
34 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 8 जन औषधि केंद्र भी शुरू
मुख्यमंत्री ऑनलाइन माध्यम से 34 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 8 जन औषधि केंद्रों का भी उद्घाटन करेंगी। इससे राजधानी में अब कुल 67 आरोग्य केंद्र हो जाएंगे, जहां गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, योग थेरेपी और टेलीमेडिसिन जैसी सेवाएं मिलेंगी। वहीं जन औषधि केंद्रों की संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी, जहां मरीजों को 2000 से अधिक दवाइयां और 300 सर्जिकल आइटम 50-80% तक कम दामों में उपलब्ध होंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
