Delhi News: दिल्ली सरकार राजधानी के बाढ़ सुरक्षा ढांचे को मज़बूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठा रही है। इसी क्रम में दिल्ली सरकार यमुना नदी पर बने ITO बैराज का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की योजना बना रही है। इसके लिए हरियाणा सरकार से औपचारिक अनुरोध किया जाएगा। यह बैराज दिल्ली के बाढ़ प्रबंधन में अहम भूमिका निभाता है। दिल्ली में 2023 में आई बाढ़ का अहम कारण भी ITO बैराज के गेट को माना गया था। अब सरकार इसे नियंत्रित कर त्वरित संचालन और निगरानी सुनिश्चित करना चाहती है।
बैराज के गेटों की मरम्मत
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार एक सरकारी अधिकारी ने कहा, "2023 वाली बाढ़ जैसी स्थिति से बचने के लिए बैराज के गेटों की मरम्मत कर दी गई है और हम इस पर नजर रख रहे हैं। हम हरियाणा से इसे सौंपने का अनुरोध भी करेंगे।" अधिकारी ने बताया कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश वर्मा ने योजना को मंजूरी दे दी है और इस मामले को हरियाणा के समक्ष उठाएंगे। पहले भी, दिल्ली सरकार ने पड़ोसी राज्य सरकार को इस महत्वपूर्ण बैराज को सौंपने के लिए पत्र लिखा था।
बैराज के गेट खराब होने से आई थी बाढ़
अधिकारी ने बताया कि आईटीओ बैराज अक्सर बाढ़ की चपेट में आने वाले इलाकों के सबसे करीब है और भारी गाद जमा होने के कारण बैराज के पांच गेट का खराब होना बाढ़ के प्रमुख कारणों में से एक रहा है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (आई एंड एफ सी) की 2023 की बाढ़ पर रिपोर्ट में कहा गया है, "यमुना के अधिकतम जलस्तर पर बैराज के पूर्वी छोर पर स्थित इन द्वारों को नहीं खोला जा सका, इसलिए दबाव इतना अधिक था कि पानी वजीराबाद और आईटीओ बैराज के बीच नदी के किनारे स्थित क्षेत्रों, सड़कों और कॉलोनियों में फैलने लगा।"
दिल्ली सरकार के हाथ में केवल वजीराबाद बैराज
आईटीओ बैराज पर 32 गेट हैं। इन तीन बैराज में से, दिल्ली सरकार केवल वज़ीराबाद स्थित एक बैराज पर नियंत्रण रखती है। ओखला बैराज उत्तर प्रदेश सरकार के नियंत्रण में है। साल 2023 में, यमुना के जलग्रहण क्षेत्र में अभूतपूर्व बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था। उस साल 13 जुलाई को, पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 208.66 मीटर पर पहुंच गया था, जो 6 सितंबर, 1978 को दर्ज किए गए 207.49 मीटर से भी अधिक था।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
