Delhi Special Resource Centers: दिल्ली सरकार ने दिव्यांग बच्चों के समग्र विकास के लिए एक अहम पहल की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि राजधानी के 10 विभिन्न क्षेत्रों में विशेष संसाधन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में बच्चों को शिक्षा, चिकित्सा और परामर्श संबंधी सभी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर और बिना किसी शुल्क के प्रदान की जाएंगी।
इन केंद्रों में स्पीच थेरेपी, फिजियोथेरेपी, ऑक्युपेशनल थेरेपी और व्यवहारिक परामर्श जैसी सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रत्येक केंद्र में 6 विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी, जो बच्चों की व्यक्तिगत जरूरतों को समझते हुए उन्हें उपयुक्त सहायता प्रदान करेगी। यह कदम न केवल दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को सशक्त बनाएगा, बल्कि उनके आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में भी एक बड़ा परिवर्तन लेकर आएगा।
पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर उद्घाटन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन विशेष संसाधन केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। सीएम ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री से मिली प्रेरणा का परिणाम है और इससे करीब 12,500 दिव्यांग बच्चों को सीधे लाभ मिलेगा। ये केंद्र न केवल उनकी पढ़ाई में मदद करेंगे, बल्कि बच्चों को जीवन कौशल (life skills) भी सिखाए जाएंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
इन 10 इलाकों में होंगे केंद्र स्थापित
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के बादली, पश्चिम विहार, विश्वास नगर, मंगोलपुरी, नारायणा, द्वारका, नजफगढ़, छतरपुर, मदनपुर खादर और प्रताप नगर में ये केंद्र स्थापित किए जाएंगे। हर बच्चे का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा और व्यक्तिगत केस फाइल बनाई जाएगी, ताकि उनकी जरूरत के अनुसार उन्हें आगे सेवाओं के लिए रेफर किया जा सके।
मुख्यधारा में शामिल करने में योगदान
बताया जा रहा है कि, सिर्फ बच्चे ही नहीं, उनके माता-पिता को भी परिवार परामर्श (Family Counseling) की सुविधा दी जाएगी, जिससे वे अपने बच्चे की देखभाल और विकास में बेहतर सहयोग कर सकें। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि ये केंद्र केवल सुविधाएं नहीं, बल्कि समावेशी समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। शिक्षक, अभिभावक और समाज मिलकर दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा में शामिल करने में योगदान देंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
