Delhi News: गणपति बप्पा के विसर्जन को लेकर राजधानी में जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख स्थलों को विसर्जन के लिए अंतिम रूप दे दिया गया है। ये स्थल हैं—करोल बाग का अजमल खान पार्क, कोतवाली क्षेत्र का गोपाल मालिक पार्क और सिविल लाइंस क्षेत्र का एक निर्धारित स्थान। सिविल लाइंस इलाके में दो और अतिरिक्त स्थानों की घोषणा जल्द की जाएगी।
विशेष सुरक्षा और सफाई व्यवस्था
प्रशासन ने सभी चयनित स्थलों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती, व्यवस्थित ट्रैफिक प्लानिंग और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को सही मार्गदर्शन देने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि, “गणपति विसर्जन सिर्फ धार्मिक परंपरा नहीं, सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक भी है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो और वे शांति, सुरक्षा और श्रद्धा के साथ बप्पा का विसर्जन कर सकें।”
पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान
प्रशासन ने साफ कहा है कि यमुना नदी में किसी भी हालत में गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन न किया जाए। इसके स्थान पर चिन्हित स्थलों पर ही विसर्जन की व्यवस्था की गई है, जहां पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए विसर्जन कराया जाएगा।
पिछले वर्षों की तरह इस बार भी प्रशासन ने पर्यावरण की रक्षा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की हैं—जैसे कृत्रिम टैंक, साफ पानी और पंडालों के पास कचरा निस्तारण की व्यवस्था। साथ ही, श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे इको-फ्रेंडली मूर्तियों और सजावट का ही इस्तेमाल करें।
क्या कहता है प्रशासन?
प्रशासन ने दो टूक कहा है कि किसी भी तरह की लापरवाही या नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है और सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं से अपील
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें, शांतिपूर्वक और संयमित ढंग से विसर्जन करें, तथा यमुना में प्रतिमा विसर्जन से परहेज करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
