दिल्ली में जाम का झाम खत्म करने के लिए और लोगों को राहत देने के लिए साउथ दिल्ली के तीन फ्लाईओवर की स्थिति में सुधार लाने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि आईआईटी फ्लाईओवर, पुराना राव तुलाराम फ्लाईओवर और मोदी मिल फ्लाईओवर की मरम्मत कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा टेंडर जारी कर दिया गया है।
दक्षिणी दिल्ली के आईआईटी फ्लाईओवर, पुराना राव तुलाराम फ्लाईओवर और मोदी मिल फ्लाईओवर की स्थिति में सुधार लाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने फ्लाईओवर की संरचनात्मक जांच के लिए टेंडर जारी किया है। एक बार टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन फ्लाईओवरों की मरम्मत और सुंदरीकरण का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
PWD ने जारी किया 72 लाख से अधिक का टेंडर
बता दें कि हाल में किए गए निरीक्षण में पाया गया कि इन फ्लाईओवरों में पैचवर्क, प्लास्टर, पेंटिंग और सेंट्रल वर्ज में सुधार की आवश्यकता है। इसके अलावा, ध्वनि अवरोधक भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। पीडब्ल्यूडी ने इन फ्लाईओवरों की संरचनात्मक जांच के लिए 72.2 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। इसके साथ ही निरीक्षण में दरारें और एक्सपेंशन जाइंट्स के बदलने की आवश्यकता भी सामने आई है।
कार्य पूरा करने के दी गई डेडलाइन
इसके अलावा वर्तमान में सरिता विहार फ्लाईओवर पर भी एक्सपेंशन जाइंट्स को बदला जा रहा है। इन फ्लाईओवरों की खामियों के कारण स्थानीय निवासियों को ट्रैफिक जाम और वाहनों के शोर से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों और बारिश के दौरान पानी भरने से हादसे होने का खतरा भी बढ़ गया है। ध्वनि अवरोधक की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है, जिससे आसपास के लोग दिनभर होने वाले शोर से परेशान है। इस कार्य को पूरा करने के लिए 540 दिन का समय निर्धारित किया गया है, जिसमें लाला लाजपत राय मार्ग के पास एक पुलिया का संरचनात्मक आडिट भी शामिल है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
