Delhi Flood Alert: दिल्ली में यमुना का जलस्तर अब घटने लगा है। मंगलवार सुबह 6 बजे यमुना का जलस्तर 205.91 मीटर रिकॉर्ड किया गया है। वहीं सुबह 5 बजे यमुना का लेवल 205.95 मीटर था। हालांकि यमुना नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिससे राजधानी के कुछ इलाकों में यमुना का पानी पहुंच गया है। आज सुबह यमुना बाजार में आवासीय क्षेत्रों में पानी घुस गया है। यमुना के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
यमुना के जलस्तर में आएगी कमी
दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में पिछले 48 घंटे में उछाल देखने को मिला। ऐसे में यमुना को लेकर मॉनिटरिंग के लिए बनाए गए सेंट्रल फ्लड कंट्रोल रूम में लगातार अधिकारी मौजूद हैं। जहां से अलग-अलग बैराज के डाटा पर आंकलन और तैयारियां दुरुस्त कर रहे हैं। हालांकि बीते कुछ घंटे में यमुना के जलस्तर में कमी दिखाई पड़ी है। जानकारी के मुताबिक अब धीरे-धीरे यमुना का जलस्तर कम होने लगा है। लेकिन फिलहाल अभी भी यमुना का जलस्तर डेंजर लेवल से ऊपर है।
दिल्ली में कितना है यमुना का पानी
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। साथ ही आसपास के राज्यों में भी बारिश दर्ज की जा रही है। जिससे यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। दिल्ली में सोमवार को लगातार दूसरे दिन यमुना का जलस्तर चेतावनी के निशान से ऊपर रहा। बीते दिन यमुना नदी का जलस्तर पुराने रेलवे ब्रिज पर 204.80 मीटर दर्ज किया गया। वहीं रविवार शाम को जलस्तर 204.60 मीटर के आसपास था। दिल्ली के लिए यमुना नदी का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है, जबकि खतरे का लेवल 205.33 मीटर है। वहीं 206 मीटर पर लोगों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। राजधानी में नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखने के लिए पुराना रेलवे ब्रिज एक मुख्य अवलोकन स्थल के तौर पर काम करता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
