दिल्ली

अब दिल्ली को मिलेगी जलभराव से राहत; ड्रेनेज मास्टर प्लान जल्द होगा तैयार

दिल्ली सरकार शहर के लिए एक व्यापक ड्रेनेज मास्टरप्लान तैयार करने जा रही है। इस योजना के तहत, शहर को नजफगढ़, बारापुला और ट्रांस-यमुना बेसिनों में विभाजित किया गया है। सलाहकार अगले 15 दिनों में मसौदा रिपोर्ट पेश करेंगे, जिसके बाद जल निकासी नेटवर्क का नया डिज़ाइन प्रस्तुत किया जाएगा। मौजूदा प्रणाली केवल 50 मिमी वर्षा को ही सहन कर पाती है, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। इस विस्तृत योजना के माध्यम से इस समस्या का समाधान किया जाएगा।

Image

दिल्ली को वॉटरलॉगिंग की समस्या से मिलेगी राहत (सांकेतिक तस्वीर|PTI)

Photo : PTI

Delhi News: राजधानी दिल्ली में हर मानसून जलभराव की समस्या को लेकर जनता और प्रशासन दोनों परेशान रहते हैं। अब इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए दिल्ली सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने शनिवार को घोषणा की कि दिल्ली का नया ड्रेनेज मास्टरप्लान जल्द ही तैयार कर लिया जाएगा।

तीन बेसिनों में बांटा गया शहर

मंत्री वर्मा ने बताया कि वर्ष 2021 से इस परियोजना पर काम चल रहा है। शहर को जल निकासी व्यवस्था के लिए तीन बेसिनों, नजफगढ़ बेसिन, बारापुला बेसिन और ट्रांस यमुना बेसिन में बांटा गया है। इन बेसिनों के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं और अगले 15 दिनों में सलाहकारों की मसौदा रिपोर्ट सरकार को सौंप दी जाएगी। रिपोर्ट के अध्ययन के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।

नई ड्रेनेज डिजाइन से होगा समाधान

वर्मा ने कहा कि सलाहकार शहर के ड्रेनेज नेटवर्क का एक नया डिजाइन तैयार करेंगे, जो वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप होगा। फिलहाल दिल्ली की जल निकासी व्यवस्था 1976 में बनी थी, जो केवल 50 मिमी वर्षा प्रतिदिन ही संभाल सकती है। इसी वजह से हर बार बारिश में कई इलाके जलभराव का शिकार हो जाते हैं।

कई एजेंसियों में बंटा है जिम्मा

अभी दिल्ली जल बोर्ड सीवर नालियों का जिम्मा संभालता है, PWD मुख्य सड़कों के किनारे नालों की देखरेख करता है और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग बड़े नालों जैसे नजफगढ़ नाले का प्रबंधन करता है। यही वजह है कि समन्वय की कमी और अलग-अलग इलाकों के भू-स्तर के कारण जल निकासी में समस्या आती है। मंत्री ने कहा कि नया मास्टरप्लान इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!