Rajasthan News: राजस्थान में 309 नगरीय निकायों (Urban Local Bodies) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए जारी निर्वाचन प्रक्रिया के बीच राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बीजेपी निकाय बोर्ड बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर चुनिंदा पार्षदों पर दबाव बना रही है।
'लोकतांत्रिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन'
सोमवार को एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि यह कोई निष्पक्ष चुनाव नहीं है, बल्कि सरकारी तंत्र के दम पर जनमत को हड़पने का प्रयास है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिमला से लौट रहे तिजारा के पार्षदों को हरियाणा पुलिस द्वारा रोका गया। आमेर में ठहरे खैरथल के कांग्रेस पार्षदों को स्थानीय पुलिस द्वारा परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा है। जूली ने कहा, “राज्य के निकाय चुनावों में कांग्रेस का सीधा मुकाबला पुलिस और प्रशासन से है, जबकि बीजेपी इस चुनाव में सिर्फ तीसरे मोर्चे की तरह काम कर रही है।”
GST और बुलडोजर की धमकी का आरोप
अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मालाखेड़ा नगरपालिका का जिक्र करते हुए टीकाराम जूली ने सीधे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड 13 से निर्वाचित कांग्रेस पार्षद महेश चंद्र के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण तरीके से जीएसटी (GST) की कार्रवाई शुरू करवाई गई है। वार्ड 5 के कांग्रेस पार्षद मनीष बलाई को बीजेपी के पक्ष में मतदान करने के लिए राजस्व अधिकारियों के जरिए उनका मकान ढहाने की धमकी दी जा रही है। जूली ने दावा किया कि मालाखेड़ा में बोर्ड बनाने के लिए 11 पार्षदों के बहुमत की आवश्यकता है, जबकि बीजेपी के पास केवल 2 पार्षद हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “आप कितनों को डराएंगे? कितनों को धमकियां देंगे?”
309 निकायों में अध्यक्ष पदों के लिए चुनाव जारी
बता दें कि राजस्थान के 309 नगरीय निकायों में अध्यक्ष, महापौर और सभापति के पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। सात नगर निगमों सहित 305 नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों के लिए सोमवार को मतदान हुआ, जबकि उपाध्यक्ष पदों के लिए मंगलवार को चुनाव होगा। जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों में महापौर तथा उप-महापौर, और कोटा की सुकेत नगरपालिका में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव 25 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे।
