दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (Delhi-Dehradun Expressway) अब टुकड़ों में नहीं, बल्कि पूरा का पूरा एक्सप्रेसवे एक साथ खुलेगा। माना जा रहा है कि दिल्ली से देहरादून तक पूरा एक्सप्रेसवे जुलाई 2025 के अंत तक खुल जाएगा। यानी अगले महीने के अंत तक आप दिल्ली से देहरादून तक फर्राटा भर पाएंगे। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे लगभग पूरी तरह से तैयार हो चुका है और आने वाले 5-6 हफ्तों के भीतर इसका उद्घाटन हो सकता है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने शनिवार 14 जून को ही पूरे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (DDEC) पर लगभग 40 हजार पेड़ लगाने की शुरुआत की है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने एक बयान में कहा कि पर्यावरण और इंफ्रास्ट्रक्चर दोनों को ध्यान रखते हुए पूरे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे पेड़ लगाने का अभियान चलाया गया है। शनिवार को उत्तर प्रदेश के बागपत में कथा टोल प्लाजा के पास प्लांटेशन का काम किया गया। पूरे एक्सप्रेसवे के किनारे 40 हजार पेड़ लगाने की योजना है।
ये भी पढ़ें - हरियाणा का प्राचीन नाम क्या है?
पेड़ लगाने से क्या फायदा होगा?
जैसा की आप जानते हैं पेड़ लगाने से कई तरह के पर्यावरणीय लाभ मिलते हैं। पेड़ लगाने से हवा की गुणवत्ता में सुधार होता है, मिट्टी का क्षरण यानी soil erosion पर रोक लगती है और बायो डायवर्सिटी में भी सुधार होता है। यानी जीव-जंतुओं को रहने के लिए आवास मिलता है। मंत्रालय दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर प्लांटेशन ड्राइव चलाकर देश के हाईवे नेटवर्क को ग्रीन हाईवे बनाने की ओर आगे बढ़ रहा है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (फोटो - डिटॉक्स ट्रैवलर)
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की डेडलाइन कब की है?
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जरिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तराखंड की शीतकालीन राजधानी देहरादून आपस में जुड़ेंगे। इस रीजनल कनेक्टिविटी के लिए अच्छा है। इस एक्सप्रेसवे का काम मार्च 2024 में पूरा होना था, लेकिन कई दिक्कतों के चलते इसका काम लगातार पिछड़ता चला गया। इस साल की शुरुआत में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एक हिस्से को आम जनता के लिए खोलने की योजना बनाई गई थी। लेकिन इस योजना को भी टालना पड़ा। अब माना जा रहा है कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर जुलाई महीने में आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से देहरादून कितने समय में पहुंचेंगे?
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने पर आप दिल्ली दे देहरादून तक का रास्ता मात्र 2 से 2.5 घंटे में पूरा कर लेंगे। जबकि अभी इस सफर में करीब 5-6 घंटे का समय लगता है।
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे कहां से शुरू होता है?
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे से सफर करना चाहते हैं तो दिल्ली की तरफ से यह पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के पास से शुरू होता है। यहां से यह बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर होते हुए देहरादून की तरफ जाता है। अगर आप देहरादून की तरफ से दिल्ली की तरफ आ रहे हैं तो देहरादून में आशारोड़ी चौक से यह एक्सप्रेसवे शुरू होता है और डाट काली मंदिर होते हुए आगे बढ़ता है।

नेशनल पार्क के ऊपर से गुजरेंगी गाड़ियां
कितने किलोमीटर लंबा है दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे?
दिल्ली में अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के पास से शुरू होने वाला दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कुल 210 किमी लंबा है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली में गीता कॉलोनी, शास्त्री पार्क और सोनिया विहार होते हुए जाता है। उम्मीद की जा रही है कि इस एक्सप्रेसवे के खुल जाने से पूर्वी दिल्ली के इन इलाकों को भारी ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
ये भी पढ़ें - ये हैं देश में हुए अब तक के 6 सबसे बड़े विमान हादसे
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की लागत कितनी है?
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे की अनुमानित लागत 12 हजार करोड़ रुपये है। उम्मीद की जा रही है कि यह एक्सप्रेसवे रीजनल कनेक्टिविटी के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। यहां से नियमित तौर पर गुजरने वाले लोगों और पर्यटकों दोनों के लिए यह फायदेमंद होगा। एक्सप्रेसवे का काम लगभग पूरा हो चुका है और अब जो काम बचा है वह छोटा-मोटा फिनिशिंग का ही काम बचा है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट क्या है?
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कम से कम 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिहाज से बनाया गया है। तभी तो दिल्ली से देहरादून की कुल 210 किमी की दूरी को आप 2 से 2.5 घंटे में पूरा कर पाएंगे। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के ट्रैफिक को कम करने में भी मदद करेगा, क्योंकि यह उसके अल्टरनेटिव के तौर पर काम करेगा और लोग दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके भी मेरठ पहुंच पाएंगे।
ये भी पढ़ें - गोवा का पुराना नाम क्या है? आप शायद ही अंदाजा लगा पाएं
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार जा पाएंगे?
जी हां, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जरिए आप हरिद्वार और चारधाम की ओर भी जा पाएंगे। इसका एक स्पर देहरादून और चारधाम हाईवे को जोड़ेगा। इससे उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों और धार्मिक स्थलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
