Delhi Crime: दिल्ली की कुतुब विहार कॉलोनी के रहने वाले एक युवक के लिए दो लोगों के बीच हो रहे झगड़े में बीचबचाव करना जानलेवा साबित हुआ। बीच बचाव की इस कोशिश से नाराज झगड़ा कर रहे एक व्यक्ति ने चाकू घोंपकर युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान विशाल तिवारी के तौर पर हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची छावला थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक विशाल के भाई विवेक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी गली में रहने वाले हरिओम देर शाम अपनी मोटरसाइकिल साफ कर रहे थे। इसी दौरान गली में ही रहने वाले चंदन राय की स्कूटी हरिओम की मोटरसाइकिल से टच हो गई। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इस बीच वहां पर विशाल पहुंच गया और उसने बीचबचाव कराने की कोशिश करते हुए चंदन को चुप रहने को कहा। इसे नाराज चंदन ने विशाल को गालियां देनी शुरू कर दीं। कुछ ही देर में दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। जिसके बाद चंदन वहां से विशाल को धमकी देकर चला गया।
बाप ने घोंप दिया सीने में चाकू
मृतक के भाई का आरोप है कि कुछ देर बाद चंदन अपने पिता बृज बिहारी के साथ उसके घर आया और विशाल को बाहर से गालियां देने लगा। गाली सुनकर विशाल व विवेक बाहर आए तो बाप-बेटे ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी है। इस दौरान बृज बिहारी जमीन पर गिर गया। आरोप है कि नीचे गिरने के बाद बृज बिहारी ने अपने पास से चाकू निकाला और विशाल व विवेक पर वार करना शुरू कर दिया। बृज बिहारी ने विशाल के छाती में चाकू घोंप दिया, जिससे वह वहीं पर गिर गया। घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। वहीं, विवेक ने पड़ोसियों की मदद से विशाल को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस के अनुसार घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जिनके फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि घटनाक्रम को समझा जा सके। साथ ही पुलिस की कई टीमें दोनों की तलाश में जुटी हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
