Delhi Budget 2025: विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की बाढ़ और वाटरलॉगिंग की समस्या के लिए और इसके साथ ही बिजली से जुड़ी योजनाओं के लिए बजट की घोषणा की।
इस दौरान सीएम ने पिछली सरकार को कोसते हुए कहा, कि पिछली सरकारों की नाकामी के चलते दिल्ली में बाढ़ आई और नालों की कभी भी सफाई नहीं हुई। पहले नालों की सफाई केवल कागजों में होती थी, असल में होती तो दिल्ली में जलभराव नहीं होता।
देश की राजधानी में बाढ़ आई और इसके लिए सरकार तैयार नहीं ऐसा काम सिर्फ पिछली सरकार के शासन में ही हो सकता था। दिल्ली में खराब ड्रेनेज सिस्टम एक गंभीर समस्या है। लोग बरसात को ही खराब कहने लग गए थे लेकिन बरसात खराब नहीं था दिल्ली बारिश में राहत की बजाय, आफत महसूस करती थी।
सीएम ने ये भी कहा कि हमारी सरकार इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। फ्लड और इरिगेशन के नियंत्रण के लिए 603 करोड़ का बजट रखा गया है। वहीं बाढ़ नियंत्रण के लिए नालों के पुननिर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये का फंड तय किया गया है।
पानी के अलावा बिजली पर भी दिल्ली सरकार ने कुछ ऐलान किए हैं। बिजली से जुड़ी योजनाओं के लिए 3847 करोड़ का बजट रखा गया है। बजट पेश करते हुए दिल्ली सीएम ने कहा, कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और बिजली से जुड़ी योजनाओं के लिए हमने 3847 करोड़ का बजट रखा है।
पीएम सूर्यघर योजना को दिल्ली में लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ MOU किया जाएगा। सूर्य घर योजना के तहत घर पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार दिल्ली के लोगों को 78000 रुपये की सब्सिडी देगी।
सीएम ने दिल्लीवासियों को तारों के जंजाल से मुक्त करवाने की भी बात कही। ओवरहेड वायरों को शिफ्ट करने का पायलट प्रोजेक्ट लाया जाएगा। उसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
