दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपनी अपना घर आवास योजना की अंतिम तिथि को तीन महीने के लिए और आगे बढ़ा दिया है। 26 अगस्त को बंद होने वाली यह योजना अब 26 नवंबर तक खुली रहेगी। डीडीए की तरफ से भारी डिमांड की वजह से अंतिम तारीख बढ़ाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इसमें कितनी सच्चाई है इस बात की पुष्टि Timesnownavbharat.com नहीं करता है।
डीडीए ने सिर्फ योजना की समय सीमा ही नहीं बढ़ाई है, बल्कि इसमें 152 नए फ्लैट भी शामिल कर दिए हैं। इनमें से 76 MIG (मिडिल इनकम ग्रुप) फ्लैट पश्चिमी दिल्ली के लोकनायकपुरम में और 76 EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए) फ्लैट नरेला सेक्टर A1-A4, पॉकेट 14 में लॉन्च किए गए हैं। अगर आप भी इस योजना के तहत अपना फ्लैट बुक करना चाहते हैं तो आपको 5 सितंबर दोपहर 12 बजे से इस योजना के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन करने वाले लोगों को सभी फ्लैट्स पर 15 फीसद की छूट भी मिलेगी।
लोकनायकपुरम के डी ब्लॉक में बनाए गए एमआईजी फ्लैट्स का आकार 134.25 से 140.45 वर्गमीटर यानी 1445 से 1512 स्क्वायर फीट के बीच है। इनकी अनुमानित कीमत 1.17 करोड़ से 1.22 करोड़ रुपये तक है। 15 फीसद छूट लागू होने के बाद कीमत लगभग 1 करोड़ से 1.04 करोड़ रुपये रह जाएगी। वहीं, नरेला में बने ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स का आकार करीब 61.25 से 61.73 वर्गमीटर यानी करीब 660 स्क्वायर फीट है। इनकी कीमत 31.52 लाख से 31.76 लाख रुपये तक है, जो छूट मिलने पर 26.95 लाख से 27.15 लाख रुपये तक आ जाएगी।
यह योजना 26 अगस्त 2025 को ही शुरू की गई थी। योजना के तहत पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर फ्लैट और मंजिल चुनने की सुविधा दी गई है। डीडीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि बताई गई कीमतों में पानी के कनेक्शन शुल्क शामिल नहीं है।
डीडीए अधिकारियों के मुताबिक, योजना की समय सीमा बढ़ाने और नए फ्लैट जोड़ने का मकसद राजधानी में बढ़ती आवासीय जरूरतों को पूरा करना है। इससे मध्यम और कमजोर वर्ग दोनों को किफायती दरों पर घर पाने का अवसर मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
