दिल्ली

Delhi News: क्राइम शो से देखकर BSF जवान ने रची लूट की वारदात, खिलौना पिस्तौल से दिनदहाड़े लूटी ज्वेलरी शॉप

दिल्ली के फर्श बाजार इलाके में बीएसएफ जवान गौरव यादव ने खिलौना पिस्तौल से एक ज्वैलरी की दुकान में लूट को अंजाम दिया। आरोपी ने ऑनलाइन जुए में पैसे गंवाने के बाद ‘क्राइम शो’ देखकर लूट की योजना बनाई। आरोपी पंजाब के फाजिल्का में तैनात था। पुलिस ने उसे मध्य प्रदेश स्थित उसके गांव से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लूटे गए दो कंगन और दो लाख रुपये की रकम बरामद कर ली है।

Image

फाइल फोटो

Delhi Crime News: दिल्ली के फर्श बाजार इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां एक बीएसएफ जवान ने दिनदहाड़े ज्वैलरी की दुकान में लूटपाट की। आरोपी ने एक खिलौना पिस्तौल के बल पर इस लूट की वारदात को अंजाम दिया। उसने दुकान से सोने के कंगन लूटे और मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी ने यह कदम जुए में भारी नुकसान के बाद उठाया। उसने क्राइम टीवी शो देखकर पूरी योजना बनाई। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और छानबीन के बाद उसके पैतृक गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया है।

दो महीने पहले पूरी की थी ट्रैनिंग

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान गौरव यादव (22) के रूप में हुई है, उसने 2023 में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में भर्ती होने के बाद मई 2025 में प्रशिक्षण पूरा कर लिया था। पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) प्रशांत गौतम ने एक बयान में कहा, “यादव पंजाब के फाजिल्का में बीएसएफ में तैनात था। घटना से एक दिन पहले, 18 जून को, वह छुट्टी लेकर दिल्ली आया और ट्रेन बदलने का इंतजार करते हुए लूट की योजना बनाई।”

जवान पर लूट का मामला दर्ज

घटना 19 जून को फर्श बाजार इलाके में स्थित एक आभूषण की दुकान में हुई, जब एक व्यक्ति पिस्तौल जैसी दिखने वाली कोई चीज लहराते हुए दुकान में घुसा और सोने के चार कंगन चुराकर भाग गया। डीसीपी ने बताया कि फर्श बाजार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) (लूट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने तकनीकी निगरानी की, कई सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (आईपीडीआर) डेटा का विश्लेषण किया।

जुए की लत ने बना दिया मुजरिम

डीसीपी गौतम ने कहा, “लगातार प्रयासों और विस्तृत विश्लेषण के बाद, आरोपी की पहचान पंजाब के फाजिल्का में तैनात बीएसएफ कांस्टेबल के रूप में हुई। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में स्थित उसके पैतृक गांव में छापेमारी की गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल कर लिया।” पुलिस के अनुसार, यादव को कथित तौर पर जुए की लत लग गई थी, वह काफी नुकसान उठा चुका था और अपराध पर आधारित शो देखने के बाद उसने लूट की योजना बनाई।

घर से दो कंगन हुए बरामद

डीसीपी ने कहा, “उसने एक स्थानीय दुकान से खिलौना पिस्तौल खरीदी और उसका इस्तेमाल लूट को अंजाम देने के लिए किया। बाद में वह मेरठ, फिर लखनऊ गया और अंत में शिवपुरी में स्थित अपने घर पहुंचा, जहां उसने चोरी के दो कंगन बेचे और एक बैंक खाते में दो लाख रुपये जमा कर दिए।” पुलिस ने उसके घर से सोने के दो कंगन बरामद किए और उस खाते की पहचान की जिसमें दो लाख रुपये जमा किए गए थे। पुलिस ने बताया कि गौरव का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मामले की जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!