दिल्ली में जल्द ही मानसून की दस्तक होने का पूर्वानुमान मौसम विभाग द्वारा लगाया जा रहा है। इस बीच नई दिल्ली में मानसून के आगमन से पहले, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने 24 जून को एक विशेष अभियान की घोषणा की है, जिसमें एक ही दिन में 3,400 गड्ढों को भरने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान 1,400 किलोमीटर से अधिक सड़कों को सुरक्षित और मानसून के लिए तैयार करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
मानसून के दौरान गड्ढों में पानी भरने से हादसा होने होने की आशंका बढ़ जाती है। इस स्थिति से बचने के लिए और हादसों को होने से रोकने की कोशिश में गड्ढों को भरने का फैसला लिया गया है। इससे जलभराव की समस्या से भी लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत का कार्य हुआ तेज
मंत्री ने कहा कि यह पहल केवल सड़कों की मरम्मत के लिए नहीं है, बल्कि दिल्ली की जनता को यह विश्वास दिलाने के लिए है कि विकास में कोई कोताही या घोटाला नहीं होगा। मंत्री ने बताया कि गड्ढे भरने का कार्य पहले से चल रहा था, लेकिन अब इसे तेज गति से पूरा किया जाएगा। सड़कों को जोन में विभाजित किया गया है ताकि कार्य प्रभावी और त्वरित हो सके।
इस अभियान में 200 से अधिक मेंटेनेंस वैन और 1,000 से अधिक श्रमिक, इंजीनियर और सुपरवाइजर शामिल होंगे। हर गड्ढे की मरम्मत से पहले और बाद की फोटो ली जाएगी, जिससे कार्य की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। मंत्री ने यह भी कहा कि असफलता या लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पीडब्ल्यूडी ने अब तक 150 किलोमीटर की सड़कें बना दी हैं और अगले मार्च तक 500 किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
