दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज यानी बुधवार 20 अगस्त सुबह जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। हालांकि, पुलिस ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया और उस पर हत्या का प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। मुख्यमंत्री पर इस तरह से हमले के बाद हर तरफ से प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और AAP नेता अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला निंदनीय है। लोकतंत्र में विचारों की भिन्नता और विरोध स्वीकार्य है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं हो सकती।'
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, 'मुझे पूरा यकीन है कि दिल्ली पुलिस इस मामले में सभी जरूरी कदम उठाएगी। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह से सुरक्षित और स्वस्थ होंगी।'
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला अत्यंत निंदनीय है। उम्मीद करते हैं कि मुख्यमंत्री पूरी तरह से सुरक्षित होंगी और दिल्ली पुलिस ऐसा कृत्य करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेगी।
आम आदमी पार्टी के एक अन्य नेता और दिल्ली में AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी मुख्यमंत्री पर हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और सभ्य समाज में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। किसी भी तरह की हिंसा सिर्फ आलोचना ही की जा सकती है। सौरभ भारद्वाज ने उस घटना को भी याद किया, जब दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल पर हमला किया गया था। उन्होंने कहा, पूर्व में अरविंद केजरीवाल पर बार-बार हमले हुए और उस समय भाजपा नेताओं ने बयान दिए, लेकिन आज हम सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हम वे लोग नहीं हैं जो किसी भी हिंसा को सही ठहराते हैं; हम आशा करते हैं कि सभी दल इसकी निंदा करेंगे।
AAP दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा आगे कहा, 'हम यह नहीं कहेंगे कि लोग मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से नाराज हैं, इसलिए उन पर हमला हुआ। नहीं... मैं मानता हू कि दिल्ली के लोग रेखा गुप्ता से नाराज हैं, लेकिन गुस्से का मतलब यह नहीं है कि कोई हिंसा कर सकता है या किसी पर हमला कर सकता है। यह बिल्कुल गलत है।'
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, 'मैं BJP से कहना चाहता हू कि आज हम पूरी तरह आपके साथ खड़े हैं, क्योंकि हम नहीं मानते कि किसी भी राजनीतिक दल पर हिंसा उचित है - फिर चाहे वह BJP हो, कांग्रेस हो या हम। सैद्धांतिक रूप से हिंसा गलत है और सभी दलों को इसकी निंदा करनी चाहिए। किसी को भी ऐसे हमलों को सही ठहराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, जैसा भाजपा उस समय बार-बार करती रही जब अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ। हम साफ कहेंगे - चाहे कोई भी कारण हो, यह हमला उचित नहीं है। हिंसा उचित नहीं है।'
सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'BJP को सोचना चाहिए कि कौन-सी पार्टियां, कौन-से संगठन, हमारे समाज में हिंसा का जहर फैला रहे हैं। धन्यवाद... मुझे आशा है कि मुख्यमंत्री घायल नहीं हुई हैं और वह जल्द ही जनता के बीच लौटेंगी। हम सबकी ओर से मैं उनके स्वास्थ्य और दीर्घायु की शुभकामनाएं देता हूं।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
