दिल्ली

Delhi AQI Update: कल से कुछ बेहतर हुई हवा लेकिन अब भी हालात 'बहुत गंभीर'; अगले हफ्ते भी दिल्लीवालों को नहीं मिलेगी राहत

शनिवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार दर्ज हुआ, लेकिन स्थिति अब भी खतरनाक बनी हुई है। शनिवार सुबह AQI 388 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। IITM ने अगले छह दिनों तक हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ रहने की आशंका जताई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Image

दिल्ली में अगले हफ्ते भी बिगड़ी रहेगी हवा (फाइल फोटो: PTI)

Photo : PTI

Delhi AQI: राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता में 15 नवंबर, शनिवार को हल्का सुधार दर्ज किया गया, लेकिन हालात अब भी खतरनाक स्तर पर बने हुए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 404 था, वहीं शनिवार सुबह 8 बजे यह घटकर 388 पर आया। सुधार के बावजूद यह स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही आता है।

कई इलाकों में अब भी ‘गंभीर’ स्थिति

दिल्ली के कुल 39 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 15 ने ‘गंभीर’ श्रेणी की वायु गुणवत्ता दर्ज की। वजीरपुर, बवाना और मुंडका सबसे प्रदूषित इलाके रहे। वहीं लोधी रोड में AQI 207 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है, लेकिन बाकी की तुलना में यह बेहतर माना जा रहा है। राजधानी में लगातार तीसरे दिन ‘गंभीर’ स्तर की हवा दर्ज होने के बाद शनिवार को औसत AQI थोड़ा सुधरकर 388 पर आ गया। CPCB के अनुसार, PM10 और PM2.5 प्रदूषण के प्रमुख कारक बने हुए हैं। यह भी बताया गया कि पराली जलाने से होने वाला योगदान पहले की तुलना में कम होकर 8.54% रह गया है, जबकि एक दिन पहले यह 12% था।

पराली जलाने का प्रभाव फिर बढ़ने का अनुमान

भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को पराली जलाने का योगदान बढ़कर 16.36% तक पहुंचने की संभावना है। संस्थान का कहना है कि 15 से 17 नवंबर के बीच हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की आशंका है, जबकि आने वाले छह दिनों में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ के बीच रह सकती है।

ठंड और धीमी हवाएं प्रदूषण बढ़ा रहीं

इस मौसम में तापमान गिरने और हवाओं की गति कम होने से प्रदूषक जमीन के पास ही जमा हो जाते हैं। साथ ही पंजाब, हरियाणा और यूपी में पराली जलाने से उठने वाला धुआं भी दिल्ली की हवा को और जहरीला बना रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम था। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक आसमान साफ रहने और सुबह के समय कोहरे की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों में पश्चिम-दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। शनिवार को हवाओं के उत्तर-पश्चिमी रुख में बदलने की संभावना है, जो सुबह धीमी रहेंगी और दोपहर तक 12 किमी प्रति घंटे तक बढ़ सकती हैं।

AQI स्तर और स्वास्थ्य पर असर

CPCB के मानकों के अनुसार, 301-400 के बीच AQI ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। ‘गंभीर’ श्रेणी न केवल बीमार व्यक्तियों के लिए बल्कि स्वस्थ लोगों के लिए भी हानिकारक मानी जाती है। ऐसे हालात में बाहर रहना स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। दिल्ली में भले ही AQI में हल्का सुधार दिखा हो, लेकिन प्रदूषण का स्तर अब भी खतरनाक है और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article