Mumbai-Ahmedabad Bullet Train News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 15 नवंबर को गुजरात के सूरत और नर्मदा जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका दौरा सुबह 9:30 बजे सूरत आगमन से शुरू होगा, जहां वे देश की पहली हाई-स्पीड रेल परियोजना, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
सूरत में बुलेट ट्रेन स्टेशन का निरीक्षण
सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री सूरत स्थित निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। यह स्टेशन मुंबई–अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है और देश के पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का केंद्रबिंदु माना जा रहा है।
यह हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर 508 किलोमीटर लंबा है, जो गुजरात, महाराष्ट्र और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरता है। परियोजना जापान सरकार की तकनीकी और वित्तीय सहायता से आगे बढ़ रही है।
यात्रा समय में भारी कमी
बुलेट ट्रेन के शुरू होने के बाद यात्रा समय में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मुंबई से सूरत की यात्रा लगभग 100 मिनट कम हो जाएगी, जबकि मुंबई से अहमदाबाद की दूरी सिर्फ 2 घंटे और 7 मिनट में तय हो सकेगी। बुलेट ट्रेन मार्ग में कुल 12 स्टेशन होंगे, मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरुच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती।
परियोजना कब होगी पूरी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला चरण, जो सूरत से बिलिमोरा तक का है, 2027 तक शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद यह सेवा 2028 में ठाणे तक और 2029 तक मुंबई तक विस्तारित की जाएगी, जिससे इस हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का विस्तार चरणबद्ध तरीके से पूरा होगा।
नर्मदा जिले में पूजा-अर्चना और जनसभा
सूरत कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री लगभग 12:45 बजे नर्मदा जिले में देवमोगरा मंदिर पहुंचकर पूजा और दर्शन करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 2:45 बजे डेडियापाड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
